Home अपडेट करंट बिछाकर तेंदुए का शिकार, क्रूरता के साथ पंजे काटकर ले गये...

करंट बिछाकर तेंदुए का शिकार, क्रूरता के साथ पंजे काटकर ले गये तस्कर

तेंदुआ का शिकार।

दो दिन बाद घटना का पता चला वन अधिकारियों को, मौजूदगी का पता था, गश्त ढीली रही

बिलासपुर । शिकारियों ने एक तेंदुए को करंट बिछाकर मार डाला और नाखून निकालने के लिये पंजे काट दिये। घटना की जानकारी वन विभाग को मैदानी अमले से नहीं बल्कि एक ग्रामीण से दो दिन बाद मिली, जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी सोमवार की शाम को घटनास्थल पहुंच पाये। अंधेरा होने के कारण कल जांच शुरू नहीं हो सकी। अब आज शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। डीएफओ का कहना है कि शिकारी पेशेवर नहीं लगते उनकी तलाश की जा रही है।

घटना बिलासपुर वनमंडल के सोंठी सर्किल के अंतर्गत बिटकुला बीट की है। इलाके में यह तेंदुआ, जिसकी उम्र 6-7 साल है, पहले भी देखा गया था। तीन माह पहले इसने एक ग्रामीण पर हमला भी किया था। ग्रामीण किसी तरह जान बचाकर भागा था। तेंदुए की मौजूदगी के बाद इस इलाके में शिकार रोकने के लिये वन विभाग ने पर्याप्त सक्रियता नहीं दिखाई और शिकार होने के बाद भी उसे खुद से पता नहीं चला। बिटकुला का एक ग्रामीण सोमवार की सुबह खेतों की तरफ गया तो उसे किसी मृत जानवर की गंध आई। नजदीक जाने पर पता चला कि आसपास के जंगल में कई बार दिख चुके तेंदुए की लाश पड़ी हुई है। उसके पंजे नाखून सहित कटे हुए हैं। ग्रामीण ने इसकी सूचना सरपंच को दी, जिन्होंने रायपुर के अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद सूचना बिलासपुर वनमंडल पहुंची।

तेंदुए का शिकार होने की खबर मिलने पर बिलासपुर वन मंडल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मैदानी अमले को वहां तुरंत भेजा गया, पर अधिकारी जब वहां पहुंचे तब तक अंधेरा हो चुका था। यहां से सटे अचानकमार अभयारण्य में एक डॉग स्क्वाड है जो शिकारियों का पहले कई बार पता लगा चुका है, उनकी मदद ली जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि तेंदुआ के पीछे के दो पंजे पूरी तरह निकाल लिये गये हैं। साथ ही उसके दांत भी निकाले गये हैं, जबकि जिला वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत का कहना है कि शिकारी पेशेवर नहीं लगते। उन्होंने नाखून के लिये तेंदुये के दो पंजे काटे हैं, बाकी पंजे नहीं काट पाये। तेंदुए की मूंछ और दांत भी कीमती है, पर उसे वे नहीं निकाल पाये। उनका यह भी कहना है कि दूसरे जानवरों को फंसाने के लिये शिकारियों ने जाल बिछाया होगा, लेकिन जाल में तेंदुआ के फंस जाने पर उसके ही अंगों को उन्होंने निकाल लिया।

NO COMMENTS