भाजपा और उसकी विचारधारा सबसे खतरनाक

रायपुर। साइंस कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के सामने भाजपा और उसकी विचारधारा सबसे बड़ी चुनौती है। वह चाहती है कि देश में एक विचारधारा, एक संस्कृति लाद दी जाये, जबकि यह विविधताओं का, भिन्न भिन्न संस्कृति के गुलदस्ते का देश है। यह भयंकर है कि देश के भीतर दो देश बनाये जा रहे हैं। एक अमीरों का और एक गरीबों का। 100 लोगों के पास 40 प्रतिशत धन है, वे जितना धन चाहते हैं उनके लिये मौजूद है। बाकी बहुसंख्यक जनता है जो गरीब है।

एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि गरीब शांति के साथ बैठा रहेगा, उनके पास कोई ताकत नहीं है। मगर, गरीब किसी से डरता नहीं। छत्तीसगढ़ में हमने किसानों को धान का 2500 रुपये दाम देने का वादा किया था, जो करके दिखाया गया है। भाजपा ने देश के भीतर नफरत फैला दी है। जो लोग सवाल करते हैं कि 70 साल में क्या हुआ, वे देश के किसान, मजदूर और गरीबों का अपमान करते हैं क्योंकि आज जो देश है वह उनकी ही देन है।

संसद में कल बजट सत्र की चर्चा के दौरान दिये गये भाषण का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा एक प्रदेश को दूसरे से एक धर्म को दूसरे से लड़ाती है। उन्होंने कहा कि चीन की सेना लद्दाख में इसलिये घुस गई क्योंकि प्रधानमंत्री ने कह दिया कि कोई न आया न कोई गया।

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे मजदूर न्याय योजना की राशि को  बढ़ायें। किसानों को दिया गया पैसा व्यर्थ नहीं जाता है। उन्होंने जादू किया है। आज धान का उत्पादन बढ़ गया है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि बजट सत्र के अभिभाषण के जवाब में संसद में उन्होंने जो मुद्दे उठाये वह कांग्रेस को नई दिशा देने वाली है।

राहुल गांधी का करीब तीन घंटे का प्रवास छत्तीसगढ़ में रहा। उन्होंने आदिवासियों, मजदूरों और गांधीवादी विचारधारा के लोगों के साथ लंच किया उसके बाद दिल्ली वापस रवाना हुए।

मजदूर न्याय योजना में अब 7 हजार

राहुल गांधी ने मंच से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सुझाव दिया था कि मजदूर न्याय योजना के तहत दी जाने वाली राशि को 6 हजार रुपये से बढ़ाया जाये। उनके जाने के बाद बघेल ने पत्रकारों से बात करते हुए घोषणा कि अब यह राशि बढ़ाकर 7 हजार कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि हम अपने नेता के निर्देश का पालन करेंगे। भाजपा के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का अधिकार है कि वे प्रदर्शन करें। बघेल ने एक सवाल के जवाब में यह भी कहा कि हाईकमान के सामने उनका नंबर बढ़ेगा, इसके लिये कोई प्रयास करने की जरूरत नहीं है क्योंकि छत्तीसगढ़ मे किसान खुश है, मजदूर खुश हैं। आज देश में छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा हो रही है, गुजरात मॉडल की कोई बात नहीं करता। सांसद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विकास प्रदर्शनी के मंडप में बस्तर क्षेत्र के कोण्डागांव में निर्मित कोंडानार ब्रांड के तिखुर से बनाए गए व्यंजनों का स्वाद भी लिया।

अमर ज्योति जवान का भूमिपूजन

सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी बटालियन के माना रायपुर में निर्माण किया जाएगा। इस स्मारक के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपने वीर सपूतों के पराक्रम और शौर्य के गौरव को अनुभूत कर सकेगा। राहुल गांधी ने गौठान योजना के मॉडल का अवलोकन किया। प्रदर्शनी स्थल में उन्होंने प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना के बारे में विशेष रूप से जानकारी ली। उन्होंने में स्कूली बच्चों से चर्चा भी की। स्टालों के अवलोकन के दौरान कोदो, कुटकी और रागी की प्रोसेसिंग यूनिट को देखा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें बताया कि छत्तीसगढ़ में मिलेट मिशन प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत किसानों से कोदो, कुटकी और रागी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। साथ ही कोदो, कुटकी और रागी की फसल लेने वाले किसानों को 10 हजार रूपए प्रति एकड़ इनपुट सब्सिडी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत देने का प्रावधान किया गया है। मिलेट का उपयोग कुपोषण दूर करने के लिए मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम आंगनबाड़ी के पोषण आहार कार्यक्रम में किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मिलेट्स का उत्पादन करने वाले गांवों में छोटी प्रसंस्करण इकाईयां और पैकेजिंग इकाईयां स्थापित की जा रही हैं। इसके लिए इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च हैदराबाद और प्रदेश के मिलेट उत्पादक 14 जिलों के मध्य एमओयू किया गया है। राहुल गांधी ने मिलेट मिशन की सराहना की।

राहुल गांधी ने विकास प्रदर्शनी के स्टॉल में मिट्टी के दीये भी बनाकर देखा और कलागुड़ी का अवलोकन किया। उन्होंने ढोकरा (बेल मेटल), रॉट आयरन, तुम्बा, शिशल, काष्ट, बांस आदि प्राचीन कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए बस्तर जिले में विकसित कलागुड़ी को बस्तर आर्ट के विकास के लिए उल्लेखनीय बताया। सांसद गांधी के पूछने पर बताया गया कि कलागुड़ी से अब तक इससे 500 से भी अधिक कारीगरों के परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। इन परिवारों को लगभग 2 लाख रुपए से अधिक आय हो रही है। बीजापुर जिले में बांस, शिल्पकला एवं फर्नीचर निर्माण में लगी महिलाएं अब बांस उत्पाद निर्मित कर अन्य प्रदेशों के बाजारों में क्रय उपलब्ध कर रही हैं। वे दैनिक आजीविका के साथ अतिरिक्त मासिक आमदनी 2500 से 3000 रुपए आय अर्जित कर रही हैं।

राहुल गांधी ने कांकेर जिले में सीताफल से पल्प और आइसक्रीम बनाने की तकनीक की जानकारी ली। उन्होंने इसकी सराहना की। उन्होंने सुकमा जिले के गिरदाल पारा हाइड्रो पावर बेस्ड पंपिंग स्किम इरिगेशन प्रोजेक्ट की सराहना की। जल संसाधन विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी के डोम में इसका मॉडल प्रदर्शित किया गया है। यहां बिना बिजली और बिना अन्य ईंधन के 24 घंटे सिंचाई होती है। इससे सैकड़ों किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

सांसद राहुल गांधी के साईंस कॉलेज स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल में आदिवासी समाज के लोगों से मुलाकात की। समाज के लोगों ने उनका परम्परागत ढ़ंग से स्वागत किया। मुख्यमंत्री उनके साथ थे।

सासंद राहुल गांधी ने आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में बस्तर डोम के अवलोकन के दौरान सर्व छत्तीसगढ़िया समाज एकता परिसर  के प्रतिनिधियों से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने धान से निर्मित राहुल गांधी का छायाचित्र उन्हें भेंट किया।
दंतेवाड़ा जिले के 12 अलग-अलग समाज के लोगों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु एक विशाल परिसर में भवन हेतु मुख्यमंत्री ने 5 एकड़ भूमि का आवंटन किया। राहुल गांधी ने इस पहल की सराहना की।

एयरपोर्ट से की बस पर यात्रा

सांसद राहुल गांधी आज एयरपोर्ट से र्साइंस कॉलेज मैदान के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ बस से पहुंचे। साईंस कॉलेज मैदान तक की यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न जनकल्याण योजनाओं की जानकारी दी।

लोकसभा सांसद राहुल गांधी आज राजधानी रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मंत्रिमंडल के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों ने भी राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी का स्वागत करने वालों में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित मंत्रिमण्डल के सदस्य, संसदीय सचिव, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here