Home अपडेट मच्छरों से त्रस्त शहर में 11 किलोमीटर नाले-नालियों की सफाई, 25 डम्पर...

मच्छरों से त्रस्त शहर में 11 किलोमीटर नाले-नालियों की सफाई, 25 डम्पर मलबा निकला

शहर के नाले-नालियों की आज द्रुत गति से सफाई की गई।

ठेकेदार और नगर-निगम के गायब कर्मचारियों की संख्या में भी सुधार

बिलासपुर। नगर निगम द्वारा पिछले तीन दिनों से चलाये जा रहे हमर बिलासपुर, सुघ्घर बिलासपुर अभियान में आयुक्त की सख्ती के बाद कुछ तेजी आई। आज सभी वार्डों को मिलाकर कुल 11 हजार 513 मीटर नाले नालियों की सफाई हुई और इनसे 25 डम्पर मलबा निकला। मंगलवार को सफाई ठेकेदारों के 84 कर्मचारी फील्ड से गायब थे, आज भी 63 कर्मचारी नहीं आये। मच्छरों के प्रकोप से त्रस्त शहरवासियों को  राहत दिलाने के लिए फागिंग मशीन से छिड़काव का शेड्यूल भी तय किया गया है।

नगर निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने कल गायब सभी का वेतन काटने के साथ संबंधित कंपनी व ठेकेदार को व्यवस्था ठीक करने के हिदायत दी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले ठेका कर्मियों को बाहर करने और नियमित कर्मियों पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

आज बुधवार की सुबह से ही कर्मचारियों की उपस्थिति देखी गई। फिर भी 434 कर्मचारियों में से 63 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इसमें सर्वाधित 23 कर्मचारी नियमित हैं। सुबह से ही दोपहर तक सभी वार्डों सड़क, नाला-नाली की सफाई के साथ डंप कचरा व मलबा को उठाने का कार्य हुआ। वार्ड क्रमांक 1 से 10 तक में 1280 मीटर , वार्ड क्रमांक 11 से 20 तक में 1440 मीटर, वार्ड क्रमांक 21 से 30 तक में 2280, वार्ड क्रमांक 31 से 40 में 3000 मीटर, वार्ड क्रमांक 41 से 50 में 2013 मीटर और वार्ड क्रमांक 51 से 59 तक में 1800 मीटर, कुल 11513 मीटर नाली व नाली की सफाई की गई। इस दौरान जगह-जगह डंप कचरा व मलबा सहित नाले से निकले करीब 25 डंपर निकाला गया। अभियान के दौरान सभी वार्ड प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थित थे।

पाण्डेय ने सफाई अभियान तेज होने और लोगों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर अभियान में लगे कर्मचारियों व अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को ठीक करने यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के बाद भी शहर की सफाई व्यवस्था इसी तरह नियमित व व्यवस्थित होनी चाहिए। इस दौरान कमिश्नर पाण्डेय रोजाना मानिटरिंग करने की बात कही।

पाण्डेय ने लार्वा कंट्रोल सहित फागिंग करने कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को नदी किनारे के क्षेत्रों में फागिंग मशीन से दवा का छिड़काव किया गया। इसी तरह लार्वा कंट्रोल व फागिंग के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें 13 फरवरी को वार्ड क्रमांक 3,13,23,33,43 व 53 में फागिंग की गई। 14 फरवरी को वार्ड क्रमांक 4,14,24,34,44 तथा 54 में 15 फरवरी को 6,16,26,36,46 तथा 56 को लार्वा कंट्रोल दवा छिड़काव के साथ फागिंग की जायेगी।

NO COMMENTS