Home अपडेट लॉकडाउन में नगर निगम की मनमानी, व्यस्त सड़क की नाली, फुटपाथ घेर...

लॉकडाउन में नगर निगम की मनमानी, व्यस्त सड़क की नाली, फुटपाथ घेर कर खड़ी कर दी आठ गुमटियां

मुंगेली रोड बिलासपुर में फुटपाथ घेरकर लगा दी गई गुमटियां।

कलेक्टर,एसपी व आयुक्त से शिकायत, कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। लॉकडाउन में जब लोग घरों में घुसे रहकर किसी कार्रवाई का विरोध नहीं कर सकते, नगर निगम के अधिकारी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मनमानी कर रहे हैं। मुंगेली रोड की व्यस्त सड़क पर एक घर के सामने चुपचाप उन्होंने इसी दौरान आठ ठेले सड़क पर लगा दिये हैं जिससे नाली बंद होगी, फुटपाथ जाम होगा, ट्रैफिक की समस्या खड़ी होगी।

मुंगेली रोड मिनोचा कॉलोनी के सामने रहने वाले गुरुविन्दर सिंह टिब के घर की बाउन्ड्री को पूरा घेर दिया गया है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उनका पूरा परिवार घर के भीतर है। नगर निगम के कर्मचारियों ने इसका फायदा उठाते हुए उनके घर के ठीक सामने बाउन्ड्री वाल को घेरते हुए, केवल दरवाजा छोड़कर आठ लोहे के ठेले, गुमटियां लगा दी है। इसे देखकर उन्होंने कर्मचारियों से पूछताछ किया तो उन्होंने अधिकारियों से बात करने कहा। तब नगर निगम के कार्यपालन यंत्री पंकज पंचायती और इस काम को देख रहे प्रमिल शर्मा से फोन पर उन्होंने बात की और गुमटियां हटाने कहा। टिब का कहना है कि उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

टिब ने इसकी शिकायत कलेक्टर, एसपी, नगर निगम के आयुक्त तथा सिविल लाइन थाने में की है। उन्होंने कहा है कि महामारी और लॉकडाउन में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। मुख्य सड़क और उनकी बाउन्ड्री के बीच सिर्फ नाली और फुटपाथ है, जिसे नगर निगम के लोगों ने चुपचाप आकर गुमटियों से घेर दिया गया है। यह एक अत्यन्त व्यस्त रहने वाली सड़क है, जिनमें आये दिन दुर्घटनायें भी होती हैं। बाजू के एफसीआई गोदाम की लाइन में कई ठेले गुमटी पहले से लगे हैं जहां नशा खोरी के चलते मोहल्ले के लोग परेशान रहते हैं। मेन रोड में गुमटियां लगाने से दुर्घटनायें और अपराध बढ़ने की आशंका है। जिम्मेदार अधिकारियों ने शिकायत के बावजूद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।

NO COMMENTS