Home अपडेट तखतपुर नगरपालिका में कांग्रेस का कब्जा, अध्यक्ष को एक वोट की बढ़त...

तखतपुर नगरपालिका में कांग्रेस का कब्जा, अध्यक्ष को एक वोट की बढ़त से, उपाध्यक्ष को निर्विरोध जीत मिली

तखतपुर नगरपालिका के नव-निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य।

तखतपुर। नगर पालिका तखतपुर चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन में आज काफी गहमागहमी रही और कांग्रेस अपना अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित कराने में सफल रही।

नगर पालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर काफी गहमागहमी थी। इस बार नगर पालिका में कांग्रेस और भाजपा के सात-सात पार्षद चुनकर आये थे इसलिये अंत तक जिज्ञासा बनी रही कि अध्यक्ष पद किसके हाथ लगेगा। मतदान के पश्चात पुष्पा मुन्ना श्रीवास को आठ तथा भाजपा की अमरीका साहू को सात मत मिले। इस तरह से कांग्रेस की पुष्पा श्रीवास एक मत से विजयी घोषित की गई। उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से वंदना बाला सिंह ठाकुर ने नामांकन भरा। भाजपा ने इस पद के लिए नामांकन नहीं भरा और वह निर्विरोध चुन ली गईं।

नतीजे पर विधायक रश्मि सिंह ने कहा कि नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की जीत जनता की जीत है। प्रदेश कांग्रेस सचिव आशीष सिंह ठाकुर ने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों कांग्रेस से हैं अब नगर के विकास में कोई कमी नहीं दिखेगी।  पूर्व विधायक जगजीत सिंह मक्कड़ और नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र कौर मक्कड़ ने भी दोनों प्रत्याशियों को विजयी होने पर बधाई दी।  पर्यवेक्षक मंजू सिंह ने कहा कि यह प्रदेश में बैठे कांग्रेसी सरकार की जीत है । जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पांडे ने कहा कि कांग्रेस की जीत है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अशोक ठाकुर ने कहा कि नगर विकास को ध्यान में रखकर निर्दलीय प्रत्याशी ने कांग्रेस का साथ दिया है और नगर विकास में पूरा सहयोग रहेगा। जीत के बाद पुष्पा श्रीवास ने कहा कि यह जीत कांग्रेस की नीतियों की जीत है। कांग्रेस हर क्षेत्र में नगर का विकास करेगी। नव निर्वाचित उपाध्यक्ष वंदना सिंह ठाकुर ने कहा कि नगर विकास के लिए हर कार्य बढ़-चढ़कर किया जाएगा।  ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम शिवहरे ने इस जीत को जनता की जीत बताया। इस अवसर पर सुरेश ठाकुर असरफ वनक नट्टु जायशी मुन्ना श्रीवास सहित अन्य जन उपस्थित थे।

नगर पालिका में कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों की संख्या बराबर होने के कारण निर्दलीय पार्षद की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई थी। दो दिन पूर्व आशीष सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी से संपर्क किया और उसके बाद रणनीति तय की। दूसरे दिन ही सभी कांग्रेसी पार्षदों को वे अपने साथ घर ले गये थे।  वे उन्हें सीधे नगरपालिका में मतदान के लिए लेकर आए। इस बीच कांग्रेसी पार्षदों का किसी से भी संपर्क नहीं हुआ। अपीलीय समिति में कांग्रेस से टेकचंद कारड़ा और भाजपा से नैन लाल साहू निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

NO COMMENTS