Home अपडेट ‘फानी’ चक्रवात का असर, पुरी की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द,...

‘फानी’ चक्रवात का असर, पुरी की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द, जिला प्रशासन भी अलर्ट

फानी चक्रवात का सेटेलाइट से एक चित्र।

बिलासपुर। फानी चक्रवात के चलते ओडिशा और आंध्रप्रदेश से गुजरने वाली अनेक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है तथा कुछ के मार्ग में बदलाव किया गया है। तीन मई को पुरी से अहमदाबाद के लिए एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, शिरड़ी साईं एक्सप्रेस, अजमेर एक्सप्रेस, रद्द कर दी गई है। अजमेर से छूटने वाली पुरी एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। दुर्ग से पुरी के लिए छूटने वाली ट्रेन भी 3 मई को रवाना नहीं होगी। दो मई को बालसाड से पुरी के लिए छूटने वाली एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई। चार मई को पुरी गांधीग्राम एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

दो मई को विशाखापट्टनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग विजयवाड़ा, टिटलागढ़, सम्बलपुर होते हुए चल रही है। इसी तरह पुरी सिकंदराबाद कामाख्या एक्सप्रेस को काजीपेट, बल्लारशाह, नागपुर, झारसुगुड़ा मार्ग से तीन मई को चलाई जायेगी।

इधर छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से कहा गया है कि फानी तूफान के कारण प्रदेश में आंधी तूफान की स्थिति निर्मित हो सकती है। इससे होने वाली क्षति  को लेकर कड़ी निगरानी रखी जाये। आंध्रप्रदेश और ओडिशा से लगे क्षेत्रों में अधिक सावधानी की आवश्यकता है। सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ साथ आम लोगों को भी आंधी तूफान की स्थिति से निपटने  सचेत किया जाये। प्रभावित किसानों, ग्रामीणों को यदि कोई क्षति होती है तो उनको अनुदान, सहायता भी उपलब्ध कराई जाये।

भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भी किसानों को सलाह दी गई है कि वे तेज हवा व नमी से फसल और अनाज को सुरक्षित रखें। फानी तूफान के दौरान तेज पूर्वी हवाएं चल सकती हैं।

 

 

NO COMMENTS