बिलासपुर/रायबरेली। लोकसभा चुनाव के शेष तीन चरणों के लिए सभी दलों ने पूरा जोर लगा रखा है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रायबरेली के दौरे पर हैं। बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय भी इस प्रचार अभियान में उनके साथ चल रहे हैं। उन्होंने सभाओं में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान किया और भाजपा के खिलाफ तीखे तेवर अपनाए।

प्रियंका गांधी ने गुरुवार को रायबरेली के भोजपुर में जनसभा को संबोधित किया, यहां उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया, साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की नागरिकता पर उठे सवालों पर भी जवाब दिया | प्रियंका ने कहा कि विचारधारा के आधार पर कांग्रेस और बीजेपी में बहुत दूरी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को फायदा नहीं होगा। हम पूरी मजबूती के साथ लड़ रहे हैं।

इस दौरान बिलासपुर विधायक शैलेश पांडेय ने बीजेपी पर किसान, नौजवान और महिलाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 12 हजार किसानों ने आत्महत्या कर ली है। हर महीने किसान से बीमा के नाम पर पैसा लेकर 10 हजार करोड़ रुपयों का लाभ कुछ चुनिंदा लोगों को दिया जा रहा है। किसान का कर्ज माफ करने के लिए पैसा नहीं लेकिन कुछ पूंजीपति लोगों का लाखों करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की असलियत देश के सामने आ चुकी है। देश में किसान की कमर टूट चुकी है । किसान बताते हैं कि आमदनी दोगुनी नहीं आधी हो गई है। सभा में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के युवा विंग के प्रदेश सचिव आशीष अवस्थी, अभिनव बिट्टू बाजपेयी समेत कई स्थानीय नेताओं को उपस्थिति रही |

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here