बिलासपुर। सरकंडा थाने के अंतर्गत मोपका खार में आज सुबह मिली पुष्पेंद्र ठाकुर की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। उसकी हत्या के आरोप में उसके भाई और भांजे को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह शराब है। आरोपी पुरुषोत्तम उर्फ दद्दू सिंह (30 वर्ष) ने बताया है कि उसका भाई शराब पीकर घर में गाली गलौज और लड़ाई करता था, जिससे परिवार के सब लोग परेशान थे। रविवार को वह फिर घर में लोगों से झगड़ा करने लगा तो उसने अपने भांजे अजय सिंह के साथ मिलकर लकड़ी के बत्ते से प्रहार कर पुष्पेंद्र को मार डाला।
मृत्यु के बाद पुष्पेंद्र के शव को वे दोनों मोपका ले गए और एक दलदल में फेंक कर लौट गए।
मालूम हो कि राजकिशोर नगर में बीएसएनएल टॉवर के पीछे रहने वाले पुष्पेंद्र की लाश आज सुबह मोपका खार के दलदल में मिली थी, जिसकी जानकारी पुलिस को राहगीरों से मिली थी। पुष्पेंद्र के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले थे, इसलिए पुलिस में सुबह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
सरकंडा थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने बताया कि छानबीन से पता चला कि मृतक का भाई आरोपी पुष्पेन्द्र और भांजा अजय दोनों शाम के समय शराब भट्ठी के पास देखे गये थे। उनके साथ मृतक भी बाइक में बैठकर जाते हुए दिखा था। तीनों के रात में एक साथ होने पर पुलिस ने किरारी मस्तूरी से पुरुषोत्तम और अटल आवास बहतराई से अजय सिंह को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ के बाद दोनों ने अपराध को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने जिस बत्ते से पुष्पेन्द्र की हत्या की उसे भी मोपका में झाड़ियों के पीछे से बरामद कर लिया गया है।