बिलासपुर। अगस्त त्यौहारों का मौसम। बीते साल कोरोना संक्रमण के कारण लोगों को घरों से निकलने और उत्सव मनाने पर कड़ी पाबंदी थी, पर इस साल कुछ राहत है। पूरे माह त्यौहार हैं और अचानक संक्रमण नहीं बढ़ता है तो पूरे उत्साह और तैयारी के साथ इन त्यौहारों का आनंद लिया जा सकता है।

सावन शुरू होते ही देश में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है। हर त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। अगस्त का महीना शुरू हो गया है। यानी सावन ने अगस्त से कुछ पहले दस्तक दे दी है और नए महीने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण त्योहारों का भी मौसम आ गया है। इस महीने राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ कई धार्मिक त्योहार मनाए जाएंगे। अगस्त के महीने में सावन के सोमवार का व्रत से लेकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भी मनाया जाएगा। इसके साथ ही भाई-बहन के प्यार के प्रतीक का त्योहार रक्षा बंधन भी मनाया जाएगा।

वैसे तो इस बार भी कांवड़ यात्रा को कोरोना के कारण स्थगित करना पड़ा लेकिन सावन में सोमवार का विशेष महत्व है। सावन का पहला सोमवार पिछले महीने 25 जुलाई को था। कल 2 अगस्त को सावन का दूसरा सोमवार मनाया जाएगा। इस दिन शिव भगवान की पूजा अर्चना होती है।

छत्तीसगढ़ का पारम्परिक हरेली त्यौहार 8 अगस्त को मनाया जायेगा। प्रदेश सरकार ने कृषि पर केन्द्रित इस पर्व को अब संरक्षण देना भी शुरू किया है। इस दिन पारम्परिक वेशभूषा के साथ गेड़ी दौड़, मटका फोड़, रस्सी खींच, भौंरा, पिट्ठुल आदि खेल होंगे। अन्य त्यौहारों की तरह छत्तीसगढ़ में हरेली के दिन भी सार्वजनिक छुट्टी होगी।

9 अगस्त को सावन के महीने का तीसरा सोमवार है। इसी दिन विश्व आदिवासी दिवस मनाया जायेगा। कई स्थानों पर यह 10 अगस्त को भी मनाया जाता है। आदिवासी बाहुल्य छत्तीसगढ़ में इस दिन भी सामान्य अवकाश छत्तीसगढ़ सरकार ने दो साल पहले घोषित किया है।

उत्तर भारत के कई हिस्सों में महिलाएं हरियाली तीज मनाती हैं, यह 11 अगस्त को है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुख समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं।

सावन के शुक्ल पक्ष की पंचमी के दिन नागपंचमी त्यौहार मनाया जाता है। इस बार यह 13 अगस्त को है। इस दिन भक्त नाग देवता की पूजा करते हैं।

कोरोना का प्रकोप कम होने के कारण इस बार विशेष रूप से स्वतंत्रता दिवस की धूम होगी। 15 अगस्त को हम अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे।

16 अगस्त को पारसी नववर्ष शुरू होता है। 19 अगस्त को इमाम हुसैन की शहादत का पवित्र पर्व मोहर्रम का मातम मनाया जायेगा। इस दिन मुस्लिम कैलेंडर के नये साल की शुरुआत होती है।

रक्षाबंधन सावन की पूर्णिमा को मनाया जाता है। यह इस बार 22 अगस्त को है। पिछले साल कोरोना लॉकडाउन के कारण भाई-बहन के इस पर्व पर कई पाबंदियां थी। इस बार आवागमन सामान्य है।

देश के  कई हिस्सों में कजरी तीज पर्व मनाया जाता है। विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए कजरी तीज का व्रत करेंगी। इस बार यह 25 अगस्त को है।

28 अगस्त को हलषष्ठी का पर्व जिसे हलछठ या कमरछठ भी कहते हैं, मनाया जायेगा। यह भी छत्तीसगढ़ का प्रमुख त्यौहार है। मातायें इस दिन संतान की लम्बी उम्र की कामना के लिये निर्जला व्रत रखेंगीं।

जन्माष्टमी सावन खत्म होने के बाद मनाई जाती है। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को रोहिणी नक्षत्र की मध्यरात्रि में हुआ था। इस बार यह दिन 30 अगस्त  को आ रहा है।

फिर आज 1 अगस्त को फ्रैंडशिप डे तो है ही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here