Home अपडेट फागुनमल के देहदान के संकल्प को बेटों ने पूरा किया, मेडिकल छात्रों...

फागुनमल के देहदान के संकल्प को बेटों ने पूरा किया, मेडिकल छात्रों की पढ़ाई में होगी सहूलियत

स्व. फागुनमल कारडा, देहदान, तखतपुर।

तखतपुर। पिता की अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए पुत्र ने उनका देहदान कर समाज को एक नया संदेश दिया है। देहदान से मेडिकल कालेज रायपुर में पढ़ने वाले छात्र मानव संरचना के अध्ययन कर सकेंगे।

नगर के वार्ड क्रमांक 7 निवासी फागुनमल नत्थानी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। इलाज के लिए रायपुर निवासी अपने पुत्र सुनील नत्थानी के  साथ रह रहे थे। फागुनमल ने अपने पुत्रों को कहा था कि मृत्यु पश्चात उनका देह दान कर दिया जाये। 13 अप्रैल को फागुनमल का निधन हो गया। पुत्र सुनील नत्थानी ने रायपुर की सामाजिक संस्था ‘बढते कदम’ को सूचना दी। सूचना मिलने पर संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित हुए और देहदान की प्रक्रिया पूरी की। देहदान के पूर्व अंतिम संस्कार के सभी रस्में पूरी की गई। देहदान से मेडिकल की पढाई कर रहे छात्र-छात्राओं को फायदा मिलेगा। तखतपुर पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष विजय कारडा ने कहा कि यह समाज के लिए एक अच्छा संदेश है अन्य लोगों को भी इससे सीख लेनी चाहिए।  फागुनमल के तीन पुत्र हैं जिनमें सुनील नत्थानी रायपुर में, हीरा लाल नत्थानी तखतपुर में तथा लक्ष्मण नत्थानी चकरभाठा में कारोबार करते हैं।

परिजनों को सूचना दी गई

इन दिनों कोरोना वायरस के कारण प्रदेश में लॉकडाउन है। शासन का निर्देश है कि अंतिम संस्कार में परिवार के सीमित लोग ही शामिल हों। इसे देखते हुए फागुनमल के निधन की सूचना करीबी परिजनों को ही दी गई। निधन दोपहर डेढ़ बजे हुआ और तीन घंटे में देहदान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इस दौरान सामाजिक दूरी की गाइडलाइन का भी पालन किया गया।

NO COMMENTS