Home अपडेट सरगुजा के प्रवासी मजदूर को वाहन दिलाने का झांसा देकर लूट, सिविल...

सरगुजा के प्रवासी मजदूर को वाहन दिलाने का झांसा देकर लूट, सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को एक घंटे में पकड़ा

प्रवासी मजदूर से लूट का आरोपी अजय निषाद।

बिलासपुर। एक ओर लोग सैकड़ों किलोमीटर चलकर थके हारे प्रवासी मजदूरों की बेबसी देखकर उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं वहीं दूसरी तरफ उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर लूटपाट कर रहे हैं। सरगुजा के एक प्रवासी मजदूर को लूटने का एक ऐसा ही मामला आज सामने आया जिसके आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

सरगुजा के प्रवासी मजदूर किसी साधन से महाराष्ट्र से यहां पहुंचे थे और महाराणा प्रताप चौक पर आगे जाने का साधन खोज रहे थे। इसी बीच आरोपी सिरगिट्टी निवासी अमर निषाद (25 वर्ष) वहां पहुंचा। उसने मजदूर को आश्वासन दिया कि वह उनके लिए चार पहिया वाहन का इंतजाम कर देगा। उसने इसके लिये मजदूर से 1600 रुपये ले लिये। इसके बाद वह अपनी बाइक में बिठाकर मजदूर को वह एक सूनसान जगह पर ले गया। वहां उसने धमकी देते हुए रुपये लेकर बाइक से भाग गया। पीड़ित मजदूर  ने किसी तरीके से इसकी सूचना सिविल लाइन थाने में दी। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी उस समय मंगला प्वाइंट पर थे। मजदूर से उन्होंने तत्काल सम्पर्क किया। प्रार्थी से आरोपी का हुलिया लिया। आसपास के लोगों से पता चला कि वह होंडा बाइक सीजी10 एएच 9012 से फरार हुआ है। बाइक के नंबर के आधार पर उसका पता ढूंढा गया तो वह सुशील किराना स्टोर सिरगिट्टी का था। पुलिस निरीक्षक तिवारी खुद अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे घटना में इस्तेमाल की गई बाइक व 1600 रुपये जब्त किये गये हैं। पुलिस प्रशासन लॉकडाउन के बाद अन्य प्रदेशों से अपने घर लौट रहे मजदूरों की सहूलियत का ध्यान रखने का प्रयास कर रही है। सिविल लाइन पुलिस ने भी घटना को संवेदनशीलता से लेते हुए शीघ्र सुलझा लिया।

NO COMMENTS