Home अपडेट नगर-निगम की कोई भी परियोजना नहीं रुकेगी, न ही वित्तीय समस्या आने...

नगर-निगम की कोई भी परियोजना नहीं रुकेगी, न ही वित्तीय समस्या आने दी जायेगी-चौबे

बिलासपुर प्रेस क्लब में नगर निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे।

बिलासपुर। नगर निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे का कहना है कि नगर निगम सीमा के भीतर चल रही कोई भी परियोजना बंद नहीं होगी और न ही इसके लिए कोई वित्तीय समस्या सामने आने दी जायेगी।

बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में पहुंचे नगर निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमें शासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी। उन्होंने नगर निगम की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अशोक नगर से झुग्गी बस्तियों को बिना अवरोध हटाकर दो हजार पक्के फ्लैट का निर्माण किया गया है, जो एक बड़ी सफलता है। ये मकान उच्च क्वालिटी के हैं, जो किसी प्राइवेट बिल्डर द्वारा उपलब्द कराई जाने वाली सुविधा के अनुरूप हैं। नगर निगम सीमा में इस प्रकार के कुल 20 हजार मकानों का निर्माण होना है। इसी तरह रिवर व्यू पर विशाल तिरंगा ध्वज शहर की शान का प्रतीक है, वहीं चौपाटी को अधिक व्यवस्थित  कर दिया गया है। अब यहां लोग शाम के समय टहलने के लिए तो आते ही हैं, यहां पर स्ट्रीट वेंडर को स्थापित कर देने से चहल-पहल और बढ़ गई है।

चौबे ने कहा कि स्मार्ट सिटी के प्लान को सराहा गया है। इसके लिए प्रस्तावित अधोसंरचना के लिए निरंतर राशि मिलेगी। सड़कों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। हमने बेहतर सड़क के लिए 24 करोड़ रुपये का टेंडर एक साथ जारी किया, जिससे बनाये गए सीसी और बीटी रोड दोनों ही बेहतर बने हैं। सीवरेज का काम सिर्फ सवा किलोमीटर बच गया है, जिसे जल्दी पूरा कर लिया जायेगा।

NO COMMENTS