परिस्थितियां संदिग्ध, पुलिस जांच जारी

करगीरोड (कोटा)/ रामनारायण यादव। खैरझिटी ग्राम में हुई एक ह्रदयविदारक घटना में एक मकान में आग लगने से एक विवाहिता और उसके 6 माह के शिशु की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई संदेहास्पद परिस्थितियां होने के कारण पुलिस इसे दुर्घटना नहीं मान रही है, हालांकि कमरे से निकलने के दोनों ओर के दरवाजे बंद थे।

घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। ग्राम खैरझिटी मेनरोड पर रवि कुमार बंजारे का मकान है। जैसा उसने पुलिस को बताया कि वह सलका नवागांव जाने के लिए निकला था, रास्ते में दर्री में  अपने बहनोई को साथ लेने के लिए रुका था। इसी बीच उसे मकान में आग लगने की खबर मिली और वह तुरंत घर के लिये लौटा। इधर पड़ोसियों और आसपास के लोगों ने देखा कि रवि के मकान में आग लग गई है।आनन-फानन में हेल्पलाइन 112 और पुलिस को फोन किया गया। लोगों ने अपनी तरफ से भी आग बुझाने का प्रयास किया। घर के भीतर कंडे रखे हुए थे। मकान तेजी से जला और पूरा राख हो गया।

इस बीच दमकल गाड़ी भी पहुंची और उसने आग काबू पाया। आग बुझने के बाद भीतर प्रवेश करने पर रवि की पत्नी मोंगरा बाई, 21 वर्ष और उसकी छह माह की पुत्री शिशु  दिव्या का जला हुआ शव पड़ा था। कोटा पुलिस के मुताबिक शव जलकर बुरी तरह राख हो गया था। दोनों के शरीर के पूरे कपड़े और चमड़ियां भी चल गई थीं। जिस जगह इन दोनों का शव मिला उसे रसोई घर के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जहां पर कंडे भी रखे हुए थे। जिस कमरे में घटना हुई है उसके दो दरवाजे हैं, एक सड़क की ओर तथा दूसरा आंगन की ओर निकलता है। दोनों ही दरवाजे बंद पाये गए हैं।

कोटा पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का मुआयना करने के बाद यह परिस्थिति दिखाई पड़ रही है कि आग लगने के बाद अपने बचाव के लिए मृतक विवाहिता ने या बच्चे ने कोई प्रयास नहीं किया है। दोनों का शव कमरे के बीच में पाया गया है, जबकि मृतक युवती दरवाजा खोलकर बाहर निकलने का प्रयास कर सकती थी। पड़ोसियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस का कहना है कि मृतक मोंगरा के माता-पिता का बयान दर्ज करने के बाद जांच की दिशा तय की जायेगी। पोस्टमार्टम भी दोनों शवों का कराया गया है, जिसके रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर कोटा के अनुविभागीय अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीओपी अभिषेक सिंह भी वहां पहुंचे थे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here