Home अपडेट जनता के प्रति जवाबदेह व संवेदनशील हो ऐसी शासन प्रणाली ही सर्वश्रेष्ठ-सिंहदेव

जनता के प्रति जवाबदेह व संवेदनशील हो ऐसी शासन प्रणाली ही सर्वश्रेष्ठ-सिंहदेव

राष्ट्रीय युवा सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव।

मंत्री ने किया द जैन इंटरनेशनल स्कूल में नेशनल यूथ कन्वेशन का उद्घाटन

बिलासपुर। दुनिया में तरह-तरह की शासन प्रणालियां हैं। लेकिन शासन की वही पद्धति सही है, जो जनता के प्रति संवेदनशील हो और उनके लिये मानवीय दृष्टि से कार्य करे। इस दृष्टि से हमारे देश की लोकतांत्रिक प्रणाली ही सर्वश्रेष्ठ है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस.सिंहदेव ने आज द जैन इंटरनेशनल स्कूल बिलासपुर में आयोजित नेशनल यूथ सम्मेलन और युवा संसद के उद्घाटन अवसर पर यह विचार व्यक्त किया।

सिंहदेव ने कहा कि समाज और जनता के प्रति संवेदनशील होना और उनके कल्याण के लिये कार्य करने वाला शासन ही सर्वश्रेष्ठ होता है। इस सम्मेलन में इन विशेषताओं पर गहरी परिचर्चा होनी चाहिये। दुनिया में तानाशाही, सामंतशाही, राष्ट्रपति प्रणाली आदि शासन पद्धतियां हैं। शासन वही अच्छा है जो समाज तक सेवाओं को सही तरीके से पहुंचाये। हमारे देश का हर नागरिक सौभाग्यशाली है, जिन्हें वोट देने का अधिकार प्राप्त है। 18 वर्ष का युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाकर लोकतंत्र की प्रक्रिया में भाग ले सकता है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में युवा एक-दूसरे के विचारों का आदान-प्रदान कर अच्छी समझ अपने भीतर पैदा करेंगे, ऐसा विश्वास है। उन्होंने संसद और विधानसभा की कार्यवाही किस प्रकार संचालित होती है, इस पर विस्तार से जानकारी दी। शून्यकाल, प्रश्नकाल, बहस, बजट पर चर्चा आदि के जानकारी देते हुए कहा कि संसद के अनुमति के बिना जनता का पैसा खर्च नहीं किया जा सकता और न ही कोई कानून लागू किया जा सकता है।

स्कूल के चेयरमेन अशोक अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने बताया कि दृष्टि संस्था द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बिलासपुर में पहली बार हो रहा है। इससे छात्रों को लोकतंत्र की प्रक्रिया को सूक्ष्मरूप में समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह छत्तीसगढ़ की पहली प्लास्टिक फ्री कान्फ्रेंस है।

सिंहदेव ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा विधायिका से संबंधित पूछे गये सवालों का जवाब दिया और उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।

कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय, तखतपुर विधायक रश्मि सिंह सहित आयोजक दृष्टि संस्था के पदाधिकारी, स्कूल के प्राचार्य एवं शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

 

NO COMMENTS