Home अपडेट बिलासपुर  : पल्स पोलियो अभियान 19 जनवरी को  : तीन लाख 16...

बिलासपुर  : पल्स पोलियो अभियान 19 जनवरी को  : तीन लाख 16 हजार 385 बच्चों को पिलायी जाएगी खुराक

पल्स पोलियो अभियान 2020

बिलासपुर। विश्व पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस का आयोजन रविवार 19 जनवरी को किया गया है। इस दिन जिले के सभी विकासखंडों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके लिये 1948 टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। जहां प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को दवा का सेवन कराया जायेगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बिलासपुर ने बताया कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 19 जनवरी 2020 को केवल एक ही चरण में संचालित होगा। इसके लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है। जिले की आबादी लगभग 24 लाख 63 हजार 633 है। इनमें 5 वर्ष तक के लगभग  3  लाख  16  हजार  585 लक्षित बच्चे हैं।

इन बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने के लिये पूरे जिले में 1948 बूथ बनाये गये हैं एवं 3 लाख 58 हजार 98 घरों में भी 20 एवं 21 जनवरी 2020 को कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण कर छूटे हुये बच्चों को व दुर्गम पहुंच विहीन क्षेत्रों में जाकर पोलियो दवा पिलाएंगे। रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड में भी मोबाईल टीम तैनात रहेगी जो आने-जाने वाले यात्रियों के बच्चों को दवा पिलाएंगे। प्रत्येक विकासखंड के लिये पर्यवेक्षण, निरक्षण हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसमें दो पाली में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

पल्स पोलियो कार्यक्रम की सफलता के लिये सघन रूप से बैनर, पोस्टर, नारा लेखन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया है एवं जिले के समस्त विकासखंड के सभी ग्रामों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई गई है।गांवों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनों द्वारा रैली के माध्यम से जानकारी दी गई है।

 

NO COMMENTS