बिलासपुर। दो दिन मौसम खुलने के बाद इलाके में बीते 24घंटे बादल छाये हुए हैं। आज दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से तो लोगों में कंपकपी ही छूटने लगी। मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे तक 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है। बारिश के कारण आर्द्रता बढ़कर 73 प्रतिशत पहुंच गई। सड़कें दिनभर सूनी रही और शाम को पूरी खाली नजर आने लगी। पारा लुढ़ककर 13 डिग्री तक पहुंच गया। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश बिलासपुर में ही दर्ज की गई।

सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश शाम के वक्त मूसलाधार वर्षा में बदल गई। इसके चलते कामकाज के लिए निकले लोगों को खासी परेशानी हुई। घर में भी लोग गर्म कपड़ों के साथ दुबके रहे। दिन में अधिकतम पारा 19.3 डिग्री तक ही पहुंच पाया जो सामान्य से सात डिग्री नीचे चल रहा है। शाम सात बजे 17 डिग्री तक यह नीचे चला गया। रात में पारा 13.2 तक गिर जाने की संभावना है जिसे सामान्य से एक डिग्री अधिक बताया गया है। पेन्ड्रारोड में भी 17 डिग्री अधिकतम तापमान पहुंच पाया जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है। यहां न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग की सूचना है कि कल शाम तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। कल भी दिन भर बादल छाये रहेंगे और सूर्य के आंशिक रूप से ही दर्शन हो सकेंगे। इस दौरान बारिश भी हो सकती है। हालांकि कल शाम तक मौसम खुल जाने की संभावना है।

जनवरी के ठंड में लगातार गिरते पारे और बारिश ने जन-जीवन, दफ्तरों के कामकाज और व्यवसाय में खासा असर डाला है। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भी जमा हो गया। बारिश शुरू होते ही हमेशा की तरह बिजली भी गुल होती रही।

इस बारिश से रबी की कुछ फसलों को नुकसान हो सकता है। इस समय धान खरीदी चल रही है और लाखों क्विंटल धान खुले में रखे हुए हैं। कुछ दिन पहले हुई बारिश ने भी किसानों और सोसायटियों के धान को काफी नुकसान पहुंचाया था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here