Home अपडेट कांग्रेस सरकार ईमानदारी से कर्ज माफ करे, सम्मान निधि के लिए किसानों...

कांग्रेस सरकार ईमानदारी से कर्ज माफ करे, सम्मान निधि के लिए किसानों की सूची देः राजनाथ सिंह

भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह।

कांग्रेस सरकार वायदे से मुकरी, शराब की नदियां बह रहींः डॉ. रमन सिंह

बिलासपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में बुधवार को पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ईमानदारी से किसानों का कर्ज माफ करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों का साथ दें।

बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़ जिलों से आये कार्यकर्ताओं लाल बहादुर शास्त्री मैदान में आज दोपहर सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ  सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 2500 रुपये का समर्थन मूल्य तय किया था, पर सरकार ने बोनस की राशि को भी इसमें जोड़ दिया है। सिंह ने कहा कि कांग्रेस गरीबों पर राजनीति करने वाली पार्टी है। केन्द्र सरकार ने किसानों को सम्मान निधि की राशि निर्धारित कर दी है पर उन किसानों की सूची ही कांग्रेस सरकार नहीं दे रही है। केन्द्र सरकार अब खुद सूची बनायेगी।

भारत-पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव पर अपनी बात रखते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के रहते भारत का मस्तक नहीं झुकेगा। पाकिस्तान को उसकी धरती पर जाकर जवाब दिया गया है। भाजपा के नेतृत्व में भारत मजबूत हुआ है। मोदी ने सैनिकों के लिए भव्य वार मेमोरियल बनवाया। सिंह ने पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों पर हमला करने वाले पायलटों के लिए हाथ उठाकर अभिनंदन किया और कहा कि वायुसेना ने करिश्माई कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पाकिस्तान की धरती पर पनपता है। हमने पाकिस्तानी नागरिक या सेना पर नहीं बल्कि आतंक के ठिकानों पर हमला किया है। पाकिस्तान दुनिया के सामने भारत को बदनाम कर रहा है। कश्मीर को केन्द्र बनाकर पाकिस्तान भारत को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। भारत का सुरक्षा कवच पाकिस्तान के लिए काल बनकर आया है।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में शराबबंदी का वादा लेकर आई  लेकिन अब शराब की नदियां बह रही हैं। सरकार बनने के बाद वह अपने वादे से मुकर गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश के हर व्यक्ति की उम्मीद टिकी हुई है। उन्होंने वायुसेना के पराक्रम की सराहना की और कहा कि पुलवामा हमले के बाद  आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई कर सेना ने देश का मान बढ़ाया है।

सम्मेलन में केन्द्रीय राज्य मंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल सहित प्रदेश के अनेक भाजपा नेता और कलस्टर से आये कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

NO COMMENTS