Home अपडेट मंडल रेल प्रबंधक परिसर में गणतंत्र दिवस, अधिकारी, कर्मचारी परिवार सहित हुए...

मंडल रेल प्रबंधक परिसर में गणतंत्र दिवस, अधिकारी, कर्मचारी परिवार सहित हुए शामिल

मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए।

डीआरएम ने दी मंडल की उपलब्धियों की जानकारी

यहां आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय थे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक-I वेदिश धुवारे, अपर मंडल रेल प्रबंधक-II श्याम सुंदर, मंडल सेक्रो की अध्यक्षा अपर्णा सहाय सहित सेक्रो की अन्य सदस्याएं, समस्त अधिकारी-गण एवं कर्मचारी-गण सपरिवार उपस्थित हुए। सहाय द्वारा मंडल सुरक्षा आयुक्त आर.के.शुक्ला की अगुवाई में राष्ट्रगान के सुमधुर संगीत के साथ तिरंगा फहराया गया।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह एवं उनके परिवारजनो को 71वीं गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का ऐतिहासिक दिवस हमें अपने संविधान के प्रति निष्ठा एवं कर्तव्य-परायणता की याद दिलाता है।

इस मौके पर उन्होंने  बिलासपुर मंडल के उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष माह अप्रैल से दिसम्बर तक हमने 94.77 मिलियन टन माल लदान किया है। यात्रियों के स्वच्छ, सुखद एवं आरामदेह यात्रा के लिए बिलासपुर मंडल निरंतर कार्यरत है। यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्पेशल गाडियों का परिचालन, अस्थायी ठहराव तथा अतिरिक्त कोच आवर्धन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। साथ ही बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।

वित्तीय वर्ष में रेल कर्मचारियों के 152 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। मंडल द्वारा पहली बार आरआरसी द्वारा प्राप्त पैनल के 477 अभियर्थियों की नियुक्ति की सारी प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी की गई। इस वर्ष 697 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई। 177 प्रशिक्षार्थियों को विभिन्न विभागों में कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रेल परिवार के सदस्यों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता के लिए अनेक स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही विश्व मधुमेह दिवस, विश्व हृदय दिवस, विश्व तंबाकू निषेध दिवस, विश्व एड्स दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन कर इन बीमारियों से दूर रहने का परामर्श दिया गया। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे कालोनियों में रक्तदान शिविर तथा बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर कर्मचारियों एवं उनके परिजनों तक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया गया। इस वर्ष यात्रा के दौरान अस्वस्थ हुए 994 यात्रियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

यात्रियों एवं आम जनता में संरक्षा के प्रति जागरूकता हेतु पटरी किनारे गांव के सरपंचों, स्कूलों एवं समपार पार करने वालों को संरक्षा के महत्व एवं नियमों से अवगत कराया गया। कर्मचारियों को संरक्षा संगोष्ठियों के माध्यम से बेहतरीन संरक्षा के गुर बताये गए साथ ही उत्कृष्ट संरक्षित कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। गाडियों में फुटप्लेटिंग एवं विशेष संरक्षा अभियान चलाकर संरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया।

भारतीय रेलवे में एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा, शराब की तस्करी रोकने की पहली कार्रवाई बिलासपुर मंडल द्वारा की गई है। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इस वर्ष माह दिसम्बर तक रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम के तहत कुल 106 प्रकरण पंजीबद्ध कर तीन लाख 39 हजार रुपये की रेल संपत्ति बरामद की गई तथा कुल 195 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इसके अलावा विशेष अभियान चलाकर यात्रियों को परेशान करने वाले 328 किन्नरों की गिरफ्तारी कर दो लाख 62 हजार रुपये तथा 1927 अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें 16 लाख 40 हजार रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। इस वर्ष 343 अनाधिकृत अतिक्रमण भी हटाए गए। 188 बच्चों को उनके परिजनों, चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया गया। 332 यात्रियों की सहायता करते हुये उनके सामानों को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया गया।

 

NO COMMENTS