Home अपडेट 200 से ज्यादा नदारत कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस , सुबह-सुबह कलेक्टर ने...

200 से ज्यादा नदारत कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस , सुबह-सुबह कलेक्टर ने किया दफ्तरों का निरीक्षण

एक अधीनस्थ कार्यालय में कलेक्टर द्वारा आकस्मिक निरीक्षण।

बिलासपुर। कलेक्टर डॉ. संजय अलंग के निर्देश पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों का सुबह 10.30 बजे औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित 200 से अधिक कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कलेक्टर डॉ. अलंग आज प्रातः 10.25 बजे आफिस पहुंचे और कलेक्ट्रेट के अधिकारियों को बुलाकर उनके अधिनस्थ शाखाओं का सुबह 10.30 निरीक्षण करने का निर्देश दिया। कलेक्टर ने स्वयं कलेक्टोरेट के आवक-जावक शाखा, वित्त एवं स्थापना शाखा का निरीक्षण किया और उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर अनुपस्थित कर्मचारियों के बारे में जानकारी ली। जो कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं हुए थे उनको कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। कार्यालय के सहायक अधीक्षक को निर्देशित किया कि वे कर्मचारियों का समय पर आना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर बी.एस. उईके ने भी जिला कार्यालय के साथ-साथ नई कम्पोजिट बिल्डिंग स्थित लगभग 20 कार्यालयों का निरीक्षण किया और सभी विभागों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर अनुपस्थित कर्मचारियों के बारे में कलेक्टर को जानकारी दी। संयुक्त कलेक्टर गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर ए.आर टंडन, दिव्या अग्रवाल सहित कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों ने अपने-अपने शाखाओं का औचक निरीक्षण किया।

NO COMMENTS