Home अपडेट अरपा से जलकुंभी निकालने हुआ काम शुरू, अब तक 180 किलोमीटर नाले-नाली...

अरपा से जलकुंभी निकालने हुआ काम शुरू, अब तक 180 किलोमीटर नाले-नाली की सफाई

अरपा नदी में छठ घाट के पास से जलकुंभी निकालने का काम शुक्रवार को शुरू हुआ।

बिलासपुर। नगर निगम के 10 कर्मचारियों और 40 मछुआरों को लगाकर शुक्रवार से अरपा नदी से जलकुंभी निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। आज छटघाट से शुरू कर शहर की ओर जलकुंभी निकालने का काम किया गया। हालांकि जितने बड़े हिस्से में जलकुंभी का विस्तार है, उसके चलते तय समय एक सप्ताह में इतने कर्मचारियों से काम नहीं हो सकेगा। नगर निगम को कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने एक सप्ताह के भीतर अरपा से जलकुंभी साफ करने का निर्देश दिया था। उनके आदेश के तीसरे दिन यह काम शुरू हुआ है।

कलेक्टर ने डॉ. संजय अलंग ने छठ घाट में जाकर जलकुंभी सफाई कार्य का जायजा लिया और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि नदी से जलकुंभी सफाई अभियान सतत् रूप से जारी रखें। इस कार्य में स्वयं सेवी संस्थाओं, व्यापारियों, लायंस क्लब, एवं अन्य सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। इस कार्य के लिए आवश्यक दस्ताने गमबूट, होमगार्ड के गोताखोरों की व्यवस्था के लिए निर्देश दिये गये। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री पी.के.पंचायती ने बताया कि अरपा नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में फैले जलकुंभी को हटाने का अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।  वर्तमान में शहर के मछुआरों से संपर्क कर 40 मछुआरों को इस कार्य में लगाया गया है। साथ ही निगम में कार्यरत सफाई कामगारों एवं डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाले एजेंसी के कर्मियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। दो जेसीबी मशीन भी जलकुंभी हटाने के कार्य में लगे हुए हैं। निकाली गयी जलकुंभी को कछार में डंप किया जाएगा। इस कार्य में सिंचाई विभाग, होमगार्ड और पीएचई विभाग की मदद भी ली जाएगी। कलेक्टर ने सहायक कलेक्टर कुणाल दुदावत को इस अभियान के सतत् निरीक्षण की जिम्मेदारी दी।

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओंकार शर्मा ने बताया कि नगर निगम के 30 वर्ग किलोमीटर फैले क्षेत्र में 145 किलोमीटर नालियों की सफाई कर लार्वा कंट्रोल उपाय द्वारा टेमीफास्ट एंटीलार्वा कीटनाशक दवाई का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही फागिंग मशीन के द्वारा नियमित रूप से डेल्टामेथिन 1.25 यू.एल.बी. (किंगफार) का छिड़काव नियमित रूप से किया जा रहा है।

निगम प्रशासन द्वारा बताया गया है कि कार्ययोजना के तहत रोज मच्छरों का प्रकोप कम करने के लिए फागिंग व लार्वा कंट्रोल दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। दावा किया गया है कि शहर के नदी किनारे बसे क्षेत्रों के लोगों ने मच्छर कम होने की बात कही है। नगर निगम ने पिछले 18 दिनों में 180 किलोमीटर नाले व नालियों की सफाई कराई है। निगम प्रशासन द्वारा फागिंग के लिए डेल्थामेथिन यूएलबी 1.25 का छिड़काव कराया जा रहा है। इसी तरह लार्वा कंट्रोल के लिए टेलीफास कीटनाशक छिड़काव नाला, नाली व चैंबर में कराया जा रहा है।

NO COMMENTS