रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मिले सकारात्मक माहौल और जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर उन्हें विश्वास है कि राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका अभियान सरकारी उपलब्धियों, गरीबों के लिए आवास, किसानों को मिले लाभ और भर्ती परीक्षा कानूनों में सुधार पर केंद्रित रही।
रविवार को रायपुर स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव में भाजपा को सकारात्मक माहौल मिला है। चुनाव के दौरान पार्टी के सभी नेताओं ने काफी मेहनत की। हमने पूरे राज्य में लोगों से बातचीत की है और जो प्रतिक्रिया मिली है, उसके आधार पर कह सकते हैं कि हम सभी 11 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में भाग लेने से उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार जनता से सीधा संपर्क स्थापित करने का मौका मिला है। लोकसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य में 64 बड़ी जनसभाएं की। आज दो और जनसभाएं हैं। नतीजतन, मेरी जनसभाओं की संख्या 66 हो गई है। इसके अलावा सभी 11 लोकसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। इससे 45 दिनों के भीतर मुझे  106 से अधिक मौकों पर जनता से बात करने का मौका मिला। इसके साथ ही, केंद्र सरकार के कई राष्ट्रीय नेताओं की सभाएं भी हुईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के दस साल के कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रचार के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। विपक्ष ने चुनाव के दौरान नकारात्मक प्रचार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को आवास मुहैया कराया है। हमने छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए 18 लाख घरों को मंजूरी दी है। हमने किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया। सरकार ने तीन महीने के भीतर मोदी के अधिकांश वादों को पूरा किया है। पिछले 10 वर्षों में 10 करोड़ घर बनाए गए।
मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए कानून बनाने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ और देश में लोगों का विश्वास खो दिया है, जिससे कांग्रेस के भीतर अराजकता फैल गई है। कई पूर्व महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और अन्य प्रमुख नेता कांग्रेस से भाजपा में जा रहे हैं। कांग्रेस ने लोगों का विश्वास खो दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here