डिप्टी सीएम साव ने कहा- बिलासपुर विधानसभा से इस बार 81 हजार की लीड मिलनी चाहिए

बिलासपुर। लोकसभा चुनाव के लिए 7 मई को होने वाले मतदान के पहले भाजपा ने बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत की है। इसमें डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस के डूबते जहाज से लोग भागने लगे हैं। यहां कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिला तो भिलाई के विधायक को लड़ा रहे हैं।
साव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से उन्हें 41 हजार वोटों की लीड मिली थी लेकिन तोखन साहू के लिए इस बार बिलासपुर से  81 हजार की लीड मिलनी चाहिए। आज काफी संख्या में लोग भाजपाके परिवार में शामिल हुए हैं इसके पहले अरुण सिंह चौहान भाजपा में शामिल हुए। यह सिलसिला चलता रहेगा। भाजपा में शामिल होने वालों की संख्या 2000 से अधिक है।
साव के भाषण के बाद मंत्री दयालदास बघेल माइक पर आए। उन्होंने मोदी सरकार व प्रदेश के विष्णुदेव साय की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की यह हालत है कि उसके कई नेता जेल में हैं तो कई बेल में। उनका भाषण चल रहा था कि अचानक भोजन लग गया। मंत्री को सुनने के बजाय कार्यकर्ता कुर्सियां छोड़कर खाने की टेबल की ओर चले गए। मंत्री ने जैसे-तैसे अपना भाषण समाप्त किया। कार्यक्रम में धरमलाल कौशिक और पुन्नूलाल मोहले का भाषण हो चुका था। इसके बाद तीन और विधायकों धर्मजीत सिंह ठाकुर, सुशांत शुक्ला और अमर अग्रवाल को उद्बोधन देना था। पर खाने के लिए कुर्सियां खाली हो चुकी थी। कुछ कार्यकर्ता खाना खाने के बाद वापस कुर्सियों में बैठ भी गए पर नाराज विधायकों ने भाषण देने से मना कर दिया।
सम्मेलन में काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी के अलावा अनेक वार्डो से महिलाएं एवं युवा भाजपा में शामिल हुए। डिप्टी सीएम अरुण साव ,विधायक अमर अग्रवाल तथा तोखन साहू ने भाजपा प्रदेश करने वाले को गमछा पहनकर सम्मानित किया। सम्मेलन का संचालन रमेश लालवानी ने किया आभार प्रदर्शन भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here