नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर होना है मतदान

कांकेर। बस्तर के पखांजूर में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय की अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। अस्पताल तक पहुंचाने से पहले उनकी मौत हो गई। हमले के बाद हमलावर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक रविवार को रात करीब 8 बजे असीम राय अपनी स्कूटर से घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पुराना बाजार के पास गढ़चिरौली तिराहे पर उन्हें बाइक पर सवार अज्ञात लोगों ने गोली मारी और फरार हो गए। आरोपियों की तलाश के लिए रात से घेराबंदी और सर्चिंग जारी है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक हमले का कारण और हमलावरों का अभी पता नहीं चला है। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि वारदात आपसी रंजिश के कारण की गई है या कोई नक्सली हमला है। नक्सली उन्हें पर्चा फेंककर पूर्व में चेतावनी दे चुके हैं। सन् 2014 में भी असीम राय पर नगर पंचायत चुनाव के पहले राय पर गोली चलाई गई थी, जो उनके हाथ में लगी थी। घायल रहते हुए उन्होंने चुनाव लड़ा था।
मालूम हो कि नगर पंचायत पखांजूर में 15 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होना है। नगर पंचायत में भाजपा के 11 पार्षद हैं। दो पार्षदों ने अध्यक्ष के चुनाव में क्रास वोटिंग की थी, जिसके चलते यहां अध्यक्ष पद कांग्रेस के पास है। घटना के बाद पखांजूर में तनाव का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here