65 साल कांग्रेस सरकार की उपलब्धि सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट-खसोट- साय

रायपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किसान महाकुंभ में शामिल हुए। यहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में एक गरीब समाज का, आदिवासी समाज का भाई मुख्यमंत्री के ओहदे पर विराजमान है। अपने लंबे अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास करेगा। पिछले ढाई महीनों में छत्तीसगढ़ के हित में लिए गए निर्णयों में विकास की यह गति दिखी है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा भी उपस्थित थे। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं आपको महतारी वंदन जैसी करिश्माई योजना के लिए बहुत साधुवाद देता हूं। आपके नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ विकास की पटरी पर वापस लौट पाया है, बहुत कम समय में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मैं बधाई देता हूं। पांच वर्षों में राज्य को कांग्रेस ने बर्बाद करने का काम किया। छत्तीसगढ़ बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी की अटलजी की सरकार ने किया और इसे संवारने का सामर्थ्य केवल भारतीय जनता पार्टी में है। छत्तीसगढ़ वीर गुण्डाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह की धरती है। 2014 के पहले जब हमारी सरकार नहीं आई थी, तो हम कहा करते थे कि देश का नौजवानों, किसानों का सम्मान, युवाओं का अभिमान और महिलाओं का स्वाभिमान हम लौटा कर रहेंगे। मोदी के नेतृत्व में इन 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। किसी देश के इतिहास में ऐसा नहीं हुआ है। 5 साल की कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए कुछ नहीं किया, जब चुनाव पास आने लगा तो वो जनता को बरगलाने लगी।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि आप मोटा अनाज उगाइए, उन्हें खरीदने की जिम्मेदारी हमारी सरकार की है। हम आपसे मोटा अनाज खरीदकर विदेशों में एक्सपोर्ट करेंगे। महिलाओं, किसानों, मजदूरों, युवाओं सबके हित में किसी ने निर्णय लिया तो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने लिया।
मुख्यमंत्री साय ने किसान महाकुंभ में कहा कि राजनाथ सिंह का छत्तीसगढ़ को विशेष स्नेह और अनुभव का लंबे समय तक लाभ मिलता रहा है। आज छत्तीसगढ़ के सरगुजा से बस्तर तक के अन्नदाता यहां आए हैं। भारतीय जनता पार्टी किसानों की सरकार है, आजादी के 75 सालों में से 65 साल कांग्रेस सरकार के थे, लेकिन उन्होंने किसानों के हित में कोई काम नहीं किया। उनकी उपलब्धि सिर्फ लूट-खसोट और भ्रष्टाचार रही। हमारी सरकार को ढाई महीने होने जा रहा है, इतने अल्प समय में ही हम कई अहम् निर्णय लेते हुए मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं। 18 लाख से ज्यादा गरीब परिवार आवास से वंचित थे, हमने उन्हें आवास की स्वीकृति दी है। 12 लाख से ज्यादा किसानों को हमने 3716 करोड़ रुपए का दो साल का बकाया धान बोनस दिया। किसानों से किया वादा हमने पूरा किया है। प्रदेश के किसानों से हमने 3100 सौ रुपए प्रति क्विंटल और  प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान ख़रीदा है। इस साल सबसे ज्यादा 145 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है, जो अंतर की राशि बची हुई है, उसे आने वाले 12 मार्च को 24 लाख 72 हजार किसानों के खातों में भेजेंगे। महतारी वंदन योजना के लिए भी अब विवाहित माताओं बहनों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कल हमारे देश के प्रधानमंत्री 72 लाख से ज्यादा पात्र विवाहित महिला हितग्राहियों के खातों में पैसे भेजेंगे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीन महीना पहले छत्तीसगढ़ की गली गली में एक नारा चल रहा था, अउ नई सहिबो, बदल के रहिबो और आज अबकि बार 4 सौ पार का नारा चल रहा है। छत्तीसगढ़ अब विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार हर वर्ग के हित में प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि साय सरकार पालनहारी सरकार है। यह सरकार सरल सरकार है। मोदी की गारंटी को गिन-गिन कर पूरे करने वाले विष्णु देव साय हैं।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसान महाकुंभ के अपने सम्बोधन में कहा कि हम 12 मार्च को 24 लाख से ज्यादा किसानों को धान के अंतर की राशि भुगतान करेंगे।

किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, विधायक किरण सिंह देव ने भी सभा को संबोधित किया।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, मंत्री टंक राम वर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल, धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, भावना बोहरा, पुरंदर मिश्रा व  मोतीलाल साहू भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here