बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में हो रहे मतदान के दौरान विधायक शैलेश पांडे और महापौर रामशरण यादव बूथ के भीतर घुस गए। इसके चलते कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हो गया।
विधायक और महापौर स्वामी आत्मानंद स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इस दौरान दोनों सात में से एक मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश कर गए। उनके साथ कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भी थे। वे वहां मौजूद पीठासीन अधिकारी और मतदान दल के कर्मचारियों से बात करने लगे।
उन्हें ऐसा करते देख भाजपा नेता और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी और पूर्व महापौर किशोर राय ने आपत्ति की और दोनों को तुरंत बाहर निकलने के लिए कहा। इस बीच दोनों भाजपा नेता और कुछ अन्य कार्यकर्ता भी भीतर घुस गए। थोड़ी देर में हंगामा मच गया और दोनों पक्षों में तनातनी की स्थिति बन गई। वहां मौजूद पुलिस बल ने दोनों पक्षों को बूथ से बाहर किया लेकिन बाहर निकलते ही कार्यकर्ता एक दूसरे के ऊपर गाली गलौज करते हुए आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। एक वीडियो में दिख रहा है कि किशोर राय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को वापस जाने के लिए कह रहे हैं और खुद स्कूल के प्रांगण में रुके हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगा कि वह बूथ में घुस सकते हैं।वे बाहर निकलने के बाद फिर भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। किशोर राय के साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
दोनों ही पक्षों के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनको अलग किया। इस बीच पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए और सभी को मतदान केंद्र परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। घटना के बाद बूथ में पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है। एसडीएम ने कहा कि उक्त घटना से मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई है। छुटपुट घटना थी, जिसे सुलझा लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here