Home अपडेट चुनाव प्रचार की मियाद खत्म, कांग्रेस-भाजपा ने सारी ताकत झोंक दी,अब घर-घर...

चुनाव प्रचार की मियाद खत्म, कांग्रेस-भाजपा ने सारी ताकत झोंक दी,अब घर-घर दस्तक 

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन निकली कांग्रेस की रैली।

20 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रचार का शोर रविवार की शाम पांच बजे थम गया। सीधे मुकाबले में चल रहे कांग्रेस-भाजपा दोनों ने ही आज शक्ति प्रदर्शन किया और मतदाताओं को रिझाने के लिए उन्होंने अपनी सारी ताकत लगा दी। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जगह-जगह वार्डों से रैलिया निकलीं। प्रत्याशी अमर अग्रवाल ने बिलासपुर के अलावा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में भी प्रचार किया। दूसरी तरफ कांग्रेस की रैली में भी नेताओं ने एकजुटता दिखाई।

भाजपा की रैली सरकंडा इमलीभाठा से निकली। इस रैली में सैकड़ों लोग झंडे बैनर और गाजे-बाजे के साथ शामिल हुए। मंत्री अमर अग्रवाल ने सपरिवार शहर के विभिन्न वार्डों में घूमकर लोगों से समर्थन मांगा। सरकंडा की रैली में शामिल होने के बाद अमरअग्रवाल ने बेलतरा विधानसभा से जुड़े शहर के वार्डों में वहां के भाजपा प्रत्याशी रजनीश सिंह के लिए समर्थन मांगा।

एक बयान में भाजपा नेता महेश चंद्रिकापुरे, गोपी ठारवानी, धीरेन्द्र केशरवानी, उदय मजूमदार, एल्डरमेन प्रवीण दुबे आदि ने कहा कि भाजपा के लिए माहौल सकारात्मक है। उन्होंने रविवार को सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत पर संवेदना जताई औरकहा  कि कांग्रेस इस घटना पर राजनीतिक रोटी सेंक रही है। दुर्घटना के बाद भी वे गाजे-बाजे के साथ प्रचार में व्यस्त थे।

दूसरी ओर कांग्रेस ने रविवार की दोपहर तारबाहर चौक से नेहरू चौक तक रैली निकाली। कांग्रेस टिकट के सभी प्रमुख दावेदारों सहित सैकड़ों लोग इसमें शामिल थे। खुली जिप्सी पर सवार कांग्रेस प्रत्याशी शैलेष पांडेय भी अपने परिवार के साथ रैली में शामिल थे। रैली का पूरे रास्ते में स्वागत किया गया। सिटी कोतवाली चौक में महिलाओं ने फूल मालाओं से स्वागत कर उनकी आरती भी उतारी। पांडेय ने इस दौरान सभाओं में कहा कि 20 साल में शहर बर्बाद हो चुका है जनता अब बदलाव चाहती है। रैली में अशोक अग्रवाल, वाणी राव, विजय केशरवानी, नरेन्द्र बोलर, शिवा मिश्रा सहित सभी प्रमुख कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

कल 19 नवंबर की सुबह से लेकर देर रात तक उम्मीदवार घर-घर दस्तक दे सकेंगे। चुनाव प्रचार का शोर अब थम चुका है।

 

NO COMMENTS