पति पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बिलासपुर, 9 अप्रैल। रेलवे के कमर्शियल विभाग में इंस्पेक्टर विनीता साहनी के माता-पिता ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया है कि पति का किसी से अवैध संबंध है। वह उसके साथ मारपीट करता था। उसने विनीता पर दबाव डालकर लाखों रुपये लिए और डुबा भी दिए। वह नशे का आदी भी है।
रेलवे कॉलोनी में पति ओबरे हेल और 8 साल की बेटी के साथ रहने वाली विनीता (37 वर्ष) की 6 अप्रैल को मौत हो गई थी। सुबह वह कंधे व कोहनी में चोट के चलते अपने एक परिचित के साथ रेलवे अस्पताल के डॉक्टर के पास गई थी। एक्स रे कराने पर पता चला था कि उसके कंधे की हड्डी टूट गई है। डॉक्टर को उसने बताया था कि रेलवे ग्राउंड में दौड़ने के दौरान वह गिर गई थी। डॉक्टर से मिलने के बाद वह घर आ गई थी। शाम को करीब 6 बजे उसे मरणासन्न हालत में लेकर पति हेल फिर डॉक्टर के पास पहुंचा। उसने बताया कि वह फांसी के फंदे पर लटक रही थी। बेटी के साथ मिलकर उसे नीचे उतारा है और यहां लेकर आया है। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हेल इसके बाद शव को ले जाने की कोशिश में था, लेकिन डॉक्टर ने मेडिको लीगल केस बताते हुए तोरवा पुलिस को खबर कर दी। मृतका का पोस्टमार्टम उनके माता-पिता के सहारनपुर से बिलासपुर पहुंचने के बाद कराया गया, जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। मृतका की मां उषा साहनी और पिता राजकुमार साहनी ने पुलिस को दे गए बयान में कहा है कि पति आये दिन उससे मारपीट करता था। उसी ने उसको फंदे पर लटकाया है। उन्होंने बताया कि प्रताड़ना से तंग आकर विनीता ने अपना तबादला सहारनपुर करा लिया था, पर पति के मनाने पर वापस बिलासपुर आ गई थी। विनीता पर पैसे लेकर उसने धूप अगरबत्ती की फैक्ट्री लगाई थी। उसने उसके पैसे डुबा दिए और फैक्ट्री बंद कर दी। इसके बाद जिम खोलने के लिए 10 लाख रुपये लिए, जिम को भी बंद कर दिया। पति के दबाव डालकर कार भी उसके पैसे से खरीदवाई। एक बार विनीता की मां के पर्स से उसने रुपये चुरा लिए थे। उसने जिम खोलने के लिए 10 लाख रुपये लिए, लेकिन वह भी बंद पड़ा था। माता-पिता के मुताबिक पति का किसी महिला से अवैध संबंध है, जिसे लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। चार साल पहले विनीता ने पति के खिलाफ एट्रोसिटी थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी, जिसमें पति ने समझौता कर लिया। माता-पिता का आरोप है कि पति ने उसे मारा है और आत्महत्या की बात कर रहा है। जब विनीता के कंधे की हड्डी खिसक गई थी तो वह खुद फांसी का फंदा तैयार कैसे कर सकती है?
विनीता ने हेल के साथ मां बाप की रजामंदी से प्रेम विवाह किया था। वह बॉक्सिंग की नेशनल प्लेयर थी तथा खेल कोटे से ही रेलवे में उसकी नौकरी लगी थी।
माता-पिता के बयान व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की दिशा तय होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here