बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि पहले बजट सत्र हो जाए, उसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल के बारे में विचार करेंगे।
मुख्यमंत्री आज रायपुर से चकरभाटा स्थित बिलासा विमानतल पहुंचे और यहां से आगरा रवाना हुए। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के लिए उन्हें मेरठ और आगरा बुलाया गया है।
विकास पर कांग्रेस के छत्तीसगढ़ मॉडल को भाजपा की ओर से विफल बताए जाने पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 साल में गुजरात का मॉडल फेल हो चुका है और अब सिर्फ छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा हो रही है। प्रदेश में धान का समर्थन मूल्य 2500 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है। गोधन न्याय योजना की पूरे देश में चर्चा हो रही है। दूसरे राज्यों के किसान छत्तीसगढ़ की तरह समर्थन मूल्य और बोनस की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं द्वारा भाजपा ज्वाइन करने को लेकर पूछे गए सवाल पर बघेल ने कहा कि वे उन्हें अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हैं। चुनाव के समय कई नेता आया राम-गया राम की तरह पार्टी बदलते रहते हैं। भाजपा के लोग समाजवादी में तो समाजवादी पार्टी के लोग भाजपा में जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here