बिलासपुर। गुरुवार से लापता पांच साल की पायल का शव अरपा नदी के एनिकट में मिला है। सौतेले पिता ने उसे नदी में डुबाकर मार डाला था और शव बहा दिया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तोरवा के पटेल मोहल्ले की रोजी मजदूरी करने वाली राधिका लहरे (33 वर्ष) ने गुरुवार की शाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी दोपहर के बाद से लापता है। पड़ोस में वह टीवी देखने के लिए गई थी, इसके बाद वह अपने पिता मन्नू लहरे के साथ निकली थी। उसका पिता भी गायब है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इधर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद राधिका का पति मन्नू भी घर पहुंच गया और पायल को ढूंढने का नाटक करने लगा। रातभर उसकी वे तलाश करते रहे। दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि मस्तूरी के पास कर्रा के एनिकट के किनारे एक छोटी बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने उसे कब्जे में लिया और राधिका को उसकी फोटो दिखाई। राधिका फोटो देखकर बिलख पड़ी और बताया कि वह उसकी ही बेटी है। इसके बाद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि राधिका ने कुछ साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर मन्नू से शादी की थी। पहले पति से उसका एक बेटा व बेटी है। बेटी पायल को मन्नू पसंद नहीं करता था और उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह पायल को पसंद नहीं करता था। काफी दिनों से उसकी हत्या का मौका तलाश कर रहा था। गुरुवार की दोपहर में जब वह टीवी देख रही थी तो नहाने के नाम पर उसे वह अरपा नदी की ओर ले गया और वहां पानी में डुबाकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद शव को नदी में ही बहा दिया। इसके बाद दिनभर इधर-उधर घूमता रहा और शाम को घर लौटकर बाकी लोगों के साथ बच्ची को तलाश करने का नाटक करने लगा।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here