प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग अध्यक्ष संदीप दुबे ने राजस्व मंत्री से शिकायत की
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश अध्यक्ष संदीप दुबे ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से आज बिलासपुर प्रवास के दौरान मिलकर विभाग के अधिकारियों द्वारा आम जनता और वकीलों के साथ किये जा रहे दुर्व्यवहार पर लगाम लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मनमानी के कारण कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ सकती है। मंत्री ने जांजगीर व बिलासपुर के कलेक्टर से सम्बन्धित मामलों में कार्रवाई के लिये कहा है।
दुबे के साथ अन्य प्रताड़ित अधिवक्ताओं ने मंत्री से कहा कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पटवारी, राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार व तहसीलदार आम लोगों के छोटे-छोटे कार्यों में लेटलतीफी कर रहे हैं। नामांतरण, नक्शा दुरुस्त कराने व खसरा नकल के लिये जाते हैं। प्रदेश के अधिवक्ता आम लोगों को सुविधा जल्द मिले इसलिये राजस्व न्यायालयों में उनकी सहायता के लिये जाते हैं, पर वहां उन्हें राजस्व अमले से दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। सिटीजन चार्टर का पालन भी नहीं हो रहा है। हाल में डभरा व धमतरी के नायब तहसीलदारों ने वकीलों से दुर्व्यवहार किया। इसके बाद बिलासपुर के दो पटवारियों ने अधिवक्ता रवि माहेश्वरी व आदित्य शर्मा तथा नायब तहसीलदार तुलसी मंजरी साहू ने महिला अधिवक्ता मधुनिशा सिंह के साथ दुर्व्यवहार किया। उक्त घटनाओं से हाईकोर्ट बार एसोसियेशन में भी गहरी नाराजगी है।
दुबे ने कार्रवाई की मांग करते हुए राजस्व मंत्री से कहा है कि डभरा, धमतरी और बिलासपुर के प्रकरणों की जांच करायें तथा इन अधिकारियों को आम जनता के कार्यों से मुक्त रखें। ये अधिकारी शासन की योजनाओं तथा सरल सुलभ न्याय को आम जनता तक पहुंचाने में फेल हो रहे हैं। इससे कांग्रेस सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ सकती है।
मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिलासपुर व जांजगीर के कलेक्टर से बात कर अधिवक्ताओं की शिकायत पर कार्रवाई के लिये कहा है।