Home अपडेट कलेक्टर के बाद कमिश्नर ने भी शुरू किया पौधरोपण अभियान

कलेक्टर के बाद कमिश्नर ने भी शुरू किया पौधरोपण अभियान

प्रतीकात्मक छवि।

संभाग में खेतों के मेड़ और तालाबों के पार होंगे हरे-भरे  

बिलासपुर संभाग के सभी पांचों जिलों में किसानों की खेतों की मेड़ और तालाबों की पार पर पौधरोपण का अभियान शुरू किया गया है।

कमिश्नर महावर के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे स्थित किसानों के खेतों की मेड़ पर और तालाबों की पार पर पौधरोपण के लिए ग्रामीणों, किसानों के साथ-साथ, जनभागीदारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। मालूंम हो कि जिले के कलेक्टर पी. दयानंद ने भी जनभागीदारी से 50 लाख पौधे लगाने का अभियान जिले में शुरू किया है।

इस अभियान में आम जैसी लुप्त हो रही प्रजातियों के पौधे प्रमुखता से लगाए जाएंगे, जिससे किसानों को अपनी आय दुगुनी करने में मदद मिले।

संभाग में तालाबों की पार पर आम, जामुन, बरगद, पीपल, कदम, कचनार, नीम, अमलताश के पौधे लगाने कहा गया है। इन पौधों को लगाने का मुख्य उद्देश्य तालाबों की बंधान के कटाव को रोकना होगा।  इसके अलावा पेड़ों की छाया, शुद्ध वायु एवं फल उत्पादन में वृद्धि होगी। कमिश्नर ने इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभाग, तहसील व पटवारी हल्का को पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया है।

महावर ने सभी जिलों के जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी कर जन प्रतिनिधियों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा है। तहसीलदार और पटवारियों के सहयोग से पौधों की सुरक्षा के लिए किसानों को प्रेरित करने कहा गया है।

 

 

 

NO COMMENTS