CM बोले- हमारी सरकार ने शिक्षाकर्मियों को सम्मान से जीने का मौका दिया

आज शाम तिफरा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री को पूज्य  सेंट्रल सिंधी पंचायत बिलासपुर ने केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 2 लाख  51 हजार रुपये  का चेक सौंपा।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 17 शिक्षकों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज  श्री झूलेलाल मंगलम् तिफरा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में जिले के 17 शिक्षकों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति, शिक्षाविद् सर्वपल्ली डॉ राधा कृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी के निर्माण की महती जिम्मेदारी शिक्षकों पर है। युगों-युगों से गुरुओं के सम्मान  की परम्परा है। यह परंपरा आगे भी बनी रहेगी। समाज में हर व्यक्ति की जिम्मेदारी होती है। पर शिक्षकों पर नई पीढ़ी के भविष्य निर्माण का विशेष  दायित्व होता है। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करते हैं, तभी  समाज आगे बढता है और नई पीढ़ी को संस्कार मिलता हैं।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन मध्यप्रदेश में  शिक्षा कर्मी की व्यवस्था शुरू की गई थी. जिसका कोई आधार नहीं था। हमारी सरकार ने शिक्षाकर्मियों  और उनके परिवारों को सम्मान से जीने का अवसर दिया। हमारी सरकार ने  ऐतिहासिक निर्णय लेकर  शिक्षा कर्मियों की समस्याओं का बेहतर तरीके से समाधान किया। एक लाख से अधिक शिक्षा कर्मियों का संविलियन हो गया। शेष शिक्षा कर्मियों का भी संविलियन भविष्य में  हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने समारोह में शिक्षक मोहन प्रसाद चंद्रा, जय कुमार कौशिक, अंजुलता भास्कर, प्रतिभा पांडेय, गेंदा प्रसाद उपाध्याय, दिनेश कुमार राजपूत, सलामुद्दीन,  नारायण सिंह ,कुमारी, शिखा जायसवाल, रितेश कुमार, हरशरण सिंह नहरेल, आर डी प्रताप सिंह, समार सिंह कोराम, अजय कुमार चौधरी, रजनी गंधा बर्मन, मुकुल शर्माऔर संगम शुक्ल  को सम्मानित किया।

शिक्षक सम्मान समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक, सांसद लखन लाल साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा जिले के प्रभारी अजय चंद्राकर, विधायक राजू क्षत्री, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ महिला  आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पांडेय सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि बिलासपुर संभाग के कमिश्नर  टी.सी.महावर, कलेक्टर पी.दयानंद और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here