Home अपडेट दिल्ली के अटल दूतों ने समझाया, चुनाव ABCD से जीतेंगे, हर घर...

दिल्ली के अटल दूतों ने समझाया, चुनाव ABCD से जीतेंगे, हर घर से अटल स्मारक के लिए मिट्टी मांगेंगे

भाजपा की जीत के लिए अटल दूतों की शपथ।

भाजपा का कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान सिर्फ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए नहीं, बल्कि अगले साल मई के आसपास होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भी है। 13 सितंबर को बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के 226 बूथों के कार्यकर्ताओं को बताया गया कि उन्हें ABCD गणित का ध्यान रखना है। त्रिवेणी भवन व्यापार विहार की इस सभा में दिल्ली से आए प्रशिक्षकों के बीच मंत्री अमर अग्रवाल और सांसद कमला देवी पाटले भी मौजूद थे।

इस सभा से मिली भरोसेमंद जानकारी के मुताबिक-

A – यानि वे मतदाता, जिन्होंने हमेशा भाजपा का साथ दिया है, उन्हें अपने साथ जोड़कर रखना है।

B- वे मतदाता जिनके बारे में पता है कि वे किसी कीमत पर भाजपा का साथ नहीं देंगे, उनको बस भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में बताना है, बाकी वे भाजपा का साथ दें, न दें उनकी मर्जी।

C- भ्रमित मतदाता, कभी भाजपा को वोट दे देते हैं, कभी नहीं देते। उन्हें समझाना है कि केन्द्र और राज्य सरकारें उनके लिए क्या-क्या योजनाएं चला रही हैं और उन्हें क्या लाभ मिल सकता है।

D- वे मतदाता जिन्हें भाजपा की योजनाओं का फायदा मिलना चाहिए था, पर नहीं मिल पाया इसलिए नाराज चल रहे हैं। उन्हें बताना है कि वे कैसे इन योजनाओं का फायदा ले सकेंगे।

भाजपा कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार दिल्ली से आए अटल दूत जयदीप ने  बूथ पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। इन्हें अटल दूत बनकर हर वार्ड में जाकर उनकी समस्याओं से जुड़ने का तरीका बताया गया। उनके घर से अटल जी की स्मृति में बनाए जाने वाले अटल स्मारक के लिए मिट्टी मांगी जाएगी।

अपने उद्बोधन में मंत्री अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के योगदान को याद किया, कहा कि उनकी वजह से ही विधानसभा और लोकसभा में भाजपा की सरकार बनी। मंत्री को खुशी थी कि अटल जी स्मृति में यह कार्यक्रम गणेश चतुर्थी के दिन से शुरू हुआ। सांसद कमला देवी पाटले ने मंत्री अमर अग्रवाल को स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर को उत्कृष्ट स्थान पर लाने के लिए बधाई दी। इस कार्यक्रम में महापौर किशोर राय,  नगर निगम सभापति अशोक विधानी, वनौषधि बोर्ड अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, भाजपा जिला महामंत्री रामदेव कुमावत, भाजपा नेता सुरेन्द्र गुम्बर, अनिल दुआ, कन्हैया विधानी, सहदेव कश्यप, विजय ताम्रकार और अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

NO COMMENTS