नाली, पानी, बिजली की हर वार्ड में समस्या, तीन माह का अल्टीमेटम दिया भाजपा ने, कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों का करेंगे घेराव

बिलासपुर। भाजपा ने शुक्रवार से नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। शहर के पांच वार्डों में भाजपा के धरना आंदोलन में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ढाई साल में सारे काम ठप्प पड़े हुए हैं। नये काम तो दूर सड़कों की मरम्मत व नालियों की सफाई भी नहीं हो रही है। सभी वार्डो में मूलभूत समस्याओं का अम्बार है। अमृत मिशन की खोदी सड़क को बनाने में कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार कर रहे हैं। पूर्व मंत्री ने शहर सरकार को जनता को बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए तीन माह का अल्टीमेटम दिया है। समस्या का निराकरण नहीं होने पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के निवास का भाजपा घेराव करेगी।

अग्रवाल ने नेहरू नगर, जरहाभाठा राजीव गांधी चौक, गोंडपारा, सरकंडा तथा टिकरापारा में धरना सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है लोगों के जान-माल की चिंता सता रही है। कांग्रेस शासनकाल में किसी की जमीन सुरिक्षत नहीं है। बिलासपुर भू-माफियाओं की राजधानी बन गया है। कांग्रेस नेता बिलासपुर शहर की बेशकीमती जमीन को लूटने का काम कर रहे है। आम जनता की कोई सुनवाई नही है।

खोदी गई सड़क बनाने तथा बिजली मेंटनेस के नाम पर कांग्रेस के नेता कमीशन ले रहे हैं। रोज बिजली गुल हो रही है। बिजली बिल आधा नहीं, बिजली आधी हो गई है। अब तो बिलासपुर स्मार्ट सिटी को लोग भूल जायेंगे। सात साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सौ स्मार्ट सिटी में बिलासपुर को शामिल किया था लेकिन स्मार्ट सिटी का काम थम गया है। 400 करोड़ के अमृत मिशन में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। कांग्रेस को शहर विकास की चिंता नही है। उन्होंने कांग्रेस महापौर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे सभी को बता रहे है कि गलत समय पर महापौर बन गये है भाजपा शासनकाल के स्वीकृत निर्माण कार्य का नारियल फोड़ रहे है। नेहरू नगर में आयोजित भाजपा के धरना में प्रमुख रूप से भाजपा के जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, सुधा गुप्ता, अजीत सिंह भोगल, श्यामजी भाई पटेल, सुकांत वर्मा सहित वार्ड के अनेक नागरिकों ने भी नेहरू नगर में मूलभूत समस्या को लेकर अपनी बात कही। राजीव गांधी चौक में भी पानी निकासी, विद्युत अपूर्ति तथा सड़क निर्माण का मुद्दा भाजपा के धरना में उठा यहॉ पर धरना आंदोलन में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, पूर्व महापौर उमाशंकर जायसवाल, किशोर राय, धीरेन्द्र केशरवानी, जुगल अग्रवाल, महेश चंद्रिकापुरे, मनीष अग्रवाल, नारायण गोस्वामी, मोनू रजक, शोभा कश्यप, ऋहष उपाध्याय, राजेश बंजारे, जितेन्द्र अंचल, मनीष गुप्ता सहित वार्ड के अनेक नागरिक मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here