बिलासपुर। भारत सरकार की उड़ान योजना के तहत् आगामी 1 मार्च को चकरभाठा से शुरू होने वाली हवाई सेवा को लेकर सांसद अरुण साव ने गुरुवार को केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री से दिल्ली में मुलाकात की।


सांसद निर्वाचित होने के बाद साव लगातार इस दिशा में प्रयास कर रहे थे। साव ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भेंट की। आगामी 1 मार्च को एयरपोर्ट चकरभाठा से प्रयागराज, दिल्ली के लिए अपरान्ह 3.45 बजे पहली फ्लाइट उड़ान भरेगी। इसके बाद अपरान्ह 4.30 बजे चकरभाठा से जबलपुर, दिल्ली के लिए दूसरी फ्लाइट रवाना होगी। यह क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा, जब बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी। इससे बिलासपुर के विकास को नई उड़ान मिलेगी।

पुरी ने इसके बाद एक ट्वीट कर कहा कि हमें खुशी है कि बिलासपुर की एक लम्बे समय से लम्बित मांग पूरी हो गई है। बिलासपुर से प्रयागराज और जबलपुर होते हुए दिल्ली के लिये फ्लाइट शीघ्र शुरू हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here