नई दिल्ली। सोनिया गांधी  कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकती है। सूत्रों ने ये जानकारी दी है। बता दें कि कांग्रेस  में सोनिया गांधी का अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर एक साल पूरा हो चुका है और पार्टी अब नए सिरे से अध्यक्ष चुनने के लिए तैयार है। सूत्रों ने बताया है कि सोनिया गांधी ने पार्टी के अन्य नेताओं से नया अध्यक्ष ढूंढने को कहा है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि सोमवार को होने वाली कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में वो पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगी।बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आम चुनाव में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और उसके बाद सोनिया गांधी को दोबारा अध्यक्ष बनाया गया। अब दोबारा राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग जोर पकड़ रही है।हालांकि पार्टी के भीतर राहुल गांधी को एक बार फिर से अध्‍यक्ष बनाए जाने की मांग तेजी से पकड़ रही है। पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी जब तक चाहें, अध्‍यक्ष का पद संभालें। उसके बाद राहुल गांधी अध्‍यक्ष बनें। इसी तरह छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी फिर से पार्टी के अध्‍यक्ष बनें।

कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन, सुधार की मांग को लेकर सोनिया को लिखी गई चिट्ठी

वहीं सोमवार को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की होने वाली बैठक से पहले पार्टी के कई नेताओं का लिखा हुआ एक पत्र सामने आया है जिसमें पार्टी में आमूलचूल परिवर्तन और सुधार करने की मांग की गई है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के पार्टी का नेतृत्व संभालने को लेकर कोई चुनौती नहीं है, लेकिन अगर कोई दूसरा नेता अध्यक्ष पद की दावेदारी पेश करता है तो पार्टी में जबरदस्त घमासान मच सकता है। बता दें कि राहुल गांधी पहले ही पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर चुके हैं।माना जा रहा है कि राहुल गांधी पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल का नाम आगे कर सकते हैं। इसलिए हर नेता अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटा हुआ है। लेकिन अगर कार्य समिति चुनाव कराने पर फैसला लेती है तो बात वहीं खत्म हो सकती है। इस बीच पता चला है कि कांग्रेस के बड़े नेता असंतुष्टों से बात करने की कोशिश में लगे हुए हैं। राज्यसभा सांसद पी.एल. पुनिया ने कहा, हम राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाने की मांग करते हैं। पार्टी के दूसरे गुट की भी यही राय है।कांग्रेस पार्टी से निलंबित प्रवक्ता संजय झा ने कहा, करीब 300 कांग्रेसी नेताओं ने इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। ये नेता देश के हर कोने से हैं। लेकिन सिर्फ 23 नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने पहले किसी भी पत्र से इनकार किया था लेकिन अब 20 नेताओं के हस्ताक्षर का पत्र सामने आ रहा है। पत्र में भाजपा के उत्थान पर चिंता जताई गई है और पार्टी के लिए एक फुल-टाइम अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की गई है। पिछले साल के अगस्त महीने से ही सोनिया गांधी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष पद पर हैं।पत्र में ये भी कहा गया है कि देश आर्थिक संकट, कोरोना महामारी और चीन से सीमा विवाद के संकट से जूझ रहा है। इन नेताओं का कहना है कि कार्य समिति से लेकर पार्टी के दसूरे सभी पदों के लिए चुनाव होने चाहिए। इसके साथ ही पार्लियामेंट्री बोर्ड को भी फिर से जीवित किया जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here