296 हितग्राहियों के खातों में डाले गए 1.02 करोड़ रुपये

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेन्स के जरिए वन विभाग के सामने स्मार्ट रोड पर नवनिर्मित सी-मार्ट का लोकार्पण किया। लगभग 57 लाख रुपये की लागत से 4 हजार वर्गफीट एरिया में इस संभाग स्तरीय मार्ट का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने वन विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 296 हितग्राहियों के खाते में 1 करोड़ 2 लाख से ज्यादा की  राशि अंतरित की। समारोह में वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पीएचई मंत्री रूद्रकुमार गुरू एवं विधायक शैलेश पाण्डेय उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री बघेल ने बिलासपुर के प्राईम लोकेशन में विशाल सी-मार्ट खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उत्पादों की बिक्री की समस्या नहीं रहेगी। सी-मार्ट में ग्राहकों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आसानी से बाजार मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाएं उन उत्पादों का निर्माण करें जिसकी बाजार में ज्यादा मांग हो। नया उत्पाद बनाने के पहले उसका बाजार में स्थिति कैसे होगी, इसका सर्वे कर लें। मुख्यमंत्री ने चकरभाठा की महिला समूह की सदस्य सीमा तिवारी एवं सरकण्डा स्व सहायता समूह की सदस्य सरिता सूर्यवंशी से बातचीत कर अनुभव साझा किया। वन मंत्री मोहम्मद अकबर एवं स्वास्थ्य मंत्री  टीएस सिंहदेव ने भी समारोह को सम्बोधित किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के विशेष अभिरूचि से बिलासपुर संभाग में सी-मार्ट की स्थापना कर सुदूर वन क्षेत्रों के वनोत्पाद को छत्तीसगढ़ हर्बल्स एवं जिला प्रशासन के अधीन कार्यरत् समूहों एवं ग्रामीणजनों द्वारा निर्मित उत्पादों को शहरी बाजार में मार्केटिंग सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से बिलासपुर नगर एवं संभाग में बहुप्रतिक्षित सी-मार्ट खोला गया है। इसके संचालन के लिए राज्य लघु वनोपज संघ को अधिकृत किया गया है।

सी-मार्ट में 66 स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार कलेक्टर सेक्टर अंतर्गत 319 उत्पाद, छत्तीसगढ़ हर्बल्स के 143 उत्पाद, हस्तशिल्प बोर्ड के 40 उत्पाद, हथकरघा के 32 उत्पाद, माटीकला बोर्ड के 3 उत्पाद सहित 537 उत्पाद प्रथम तल पर होंगे। एफएमसीजी के 360 से अधिक उच्च गुणवत्ता के उत्पाद आज से आमजनों के विक्रय के लिए उपलब्ध हो गया है। पहले दिन लगभग 35 हजार रुपए से ज्यादा की बिक्री हुई। जनप्रतिनिधियों ने शहद, आंवला जूस, बेल जूस, त्रिफला चूर्ण, जामुन जूस इत्यादि उत्पाद सी-मार्ट से खरीदा। बिलासपुर वनमण्डल क्षेत्र के अंतर्गत शहीद महेन्द्र कर्मा तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत कुल 53 हितग्राहियों को 63.80 लाख रू. का वितरण सीधे संग्राहक के खातों में भुगतान पूर्व में किया गया था। आज मुख्यमंत्री ने जिला यूनियन के 11 हितग्राहियों को 17.20 लाख रुपये का भुगतान सीधे संग्राहकों के खाते में वितरण किया। इसी प्रकार शासन की अन्य योजनाओं की भी राशि संग्राहकों को सीधे उनके खातों में राशि अंतरित की गई।

बिलासपुर में महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, उपाध्यक्ष जिला पंचायत हेमकुंवर, उपाध्यक्ष अरपा विकास प्राधिकरण अभयनारायण राय, उपाध्यक्ष मछुआ कल्याण बोर्ड राजेन्द्र धीवर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, योग आयोग सदस्य रविन्द्र सिंह, अरपा विकास प्राधिकरण सदस्य नरेन्द्र बोलर, सीसीएफ राजेश चंदेल, कलेक्टर सौरभ कुमार, डीएफओ कुमार निशांत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्व सहायता समूह के सदस्य शामिल हुए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here