Home अपडेट राजस्व पंजियां मिलीं खाली, 170 (ख) के कई प्रकरणों का निराकरण नहीं,...

राजस्व पंजियां मिलीं खाली, 170 (ख) के कई प्रकरणों का निराकरण नहीं, एसडीएम, तहसीलदार को शो कॉज नोटिस

पेन्ड्रारोड में निरीक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए कलेक्टर डॉ. संजय अलंग।

बिलासपुर। कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने शनिवार पेन्ड्रारोड में विभिन्न राजस्व न्यायालयों तथा कार्यालयों का वार्षिक निरीक्षण किया और वहां व्याप्त कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधूरी पंजियों को लेकर तत्कालीन एसडीएम नूतन कंवर को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया। तहसीलदार घनश्याम तंवर को भी नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर डॉ. अलंग सबसे पहले अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के न्यायालय पहुंचे। उन्होंने रीडर कक्ष में विभिन्न फाइलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व प्रकरण पंजी, अभिलेख पास बुक का अवलोकन किया और निराकृत राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने भू-अर्जन के प्रकरणों से सम्बन्धित फाइलों को देखा और उनके बारे में जानकारी ली। जिन प्रकरणों में आदेश पारित किये गये हैं उनके बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने धारा 170 (ख) के उन पुराने प्रकरणों के बारे में पूछताछ की जिनका निराकरण नहीं हुआ है। उन्होंने लम्बित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर की। इसी सिलसिले में उन्होंने तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नूतन कंवर को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

कलेक्टर डॉ. अलंग ने तहसील कार्यालय में डब्ल्यूबीएन (वासिल बाकी नवीस) शाखा का निरीक्षण किया। इस शाखा में विभिन्न पंजियों की ठीक तरह से संधारित नहीं किये गये थे और पंजी खाली थे। उन्होंने तहसीलदार पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी पंजियों को एक माह के भीतर संधारित करने का निर्देश दिया। इस मामले में तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया गया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने उप-कोषालय तथा उप-पंजीयक कार्यालय में विभिन्न पंजियों का निरीक्षण किया। डॉ. अलंग ने अतिरिक्त कलेक्टर के न्यायालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां अर्थदंड पंजी, दायरा पंजी, सूचना पंजी, अभिलेख पास बुक, आरबीसी 6(4) के प्रकरण, राजस्व अपील पंजी, पुनरीक्षण पंजी आदि का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त कलेक्टर पेन्ड्रारोड वी. सी. साहू, संयुक्त कलेक्टर एस.के. गुप्ता, एस.डी.एम. पेन्ड्रारोड मनोज कोसरिया आदि उपस्थित थे।

 

NO COMMENTS