बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस अपने राजनैतिक फायदे के लिए भ्रम फैला रही है, जबकि इस कानून से किसी की नागरिकता नहीं जायेगी बल्कि पाकिस्तान और बांगलादेश से सताये गये अल्पसंख्यकों को नागरिकता दी जायेगी।

भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में सीएए पर पार्टी का पक्ष रखने के लिए आज दोपहर डॉ. सिंह विशेष रूप से बिलासपुर पहुंचे। केन्द्रीय नेतृत्व ने सभी देशभर में भाजपा को स्पष्टीकरण देने के लिए अभियान चलाया है। डॉ. सिंह ने कहा कि हम समाज के सभी वर्गों से मिलकर विभिन्न समूहों के साथ चर्चा कर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में फैलाये जा रहे भ्रम को दूर कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिना एक्ट को पढ़े ही इस कानून का विरोध किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति एक्ट को पढ़ लेगा तो उसका भ्रम दूर हो जायेगा। जहां तक राष्ट्रीय नागरिकता पंजी का प्रश्न है वह 2024 तक लागू नहीं होने वाला है। सीएए कानून को संसद के दोनों सदनों में व्यापक बहुमत से पारित किया गया है। भाजपा के घोषणा पत्र में यह शामिल था और इसी के आधार पर हमने असम में चुनाव लड़ा और 60 सीटों पर जीतकर आये। राम मंदिर, धारा 730, 35 ए, ट्रिपल तलाक सब भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल था, जिसे हम एक-एक कर लागू कर रहे हैं। लगातार बड़े कानूनों के पारित होने को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है और सीएए के विरोध को हवा दे रही है।

उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर भारत का विभाजन हुआ था। आजादी के बाद गांधी, नेहरू, पटेल सभी ने कहा था कि पाकिस्तान के अल्पसंख्यकों को यदि सताया जाता है तो उन्हें भारत में शरण दिया जायेगा, उन्हें नौकरी और समानता के साथ जीने का हक भी मिलेगा।

डॉ. सिंह की पत्रकार वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव, विधायक रजनीश सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष रामदेव कुमावत, पूर्व महापौर किशोर राय व अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here