12 से 14 जनवरी तक रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में हुआ आयोजित

छत्तीसगढ़ सरकार ने किया पुरस्कृत, 19 जिलों की टीम ने लिया था हिस्सा

बिलासपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में डॉ सी.वी. रामन विश्वविद्यालय ने अपना परचम लहराया है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए 19 जिलों की टीम के बीच रावत नाच में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। महोत्सव में विश्वविद्यालय के 40 विद्यार्थियों की टीम भाग लेने गई थी। प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किया है।

सीवीआरयू के कुलसचिव गौरव शुक्ला ने बताया कि युवा महोत्सव के लिए विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की राउत नाच टीम बनाई गई थी। इसके लिए ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता 11 नंवबर 2019 से शुरू हुई। ब्लॉक स्तर में विवि का चयन हुआ। इसके बाद  विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का चयन जिला स्तर की रावत नाच प्रतियोगिता के लिए किया गया। जिला स्तर की रावत नाच प्रतियोगिता बहतराई स्टेडियम में 30 नवंबर 2019 को कराई गई थी।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने जिला स्तर की प्रतियोगिता में  प्रथम स्थान प्राप्त किया, और रायपुर के युवा महोत्सव के लिए चयनित हुए। विद्यार्थियों ने 12 से 14 जनवरी तक साइंस कॉलेज में भी बेहतर प्रदर्शन किया। इस पर विश्वविद्यालय को दूसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। कुलसचिव ने कहा कि शिक्षा के साथ धर्म-कला, संस्कृति के  संरक्षण  एवं संवर्धन की दिशा में भी विश्वविद्यालय लगातार कार्य करता है। विश्वविद्यालय में हर वर्ष छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति पर केंद्रित रामन लोक कला महोत्सव आयोजित किया जाता है। इसलिए यहां के विद्यार्थी उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ लोक कला संस्कृति और साहित्य में भी बराबरी का दखल रखते हैं। डॉ.जयशंकर यादव और संदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने आयोजन में हिस्सा लिया। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि प्रकाश दुबे ने विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here