बिलासपुर। बावरा मन का ऑनलाइन संगीत सफ़र ‘उमंग-20’ विगत तीन माह से कला, संगीत प्रेमियों का स्वस्थ मनोरंजन कर रहा है। प्रति शनिवार और रविवार को होने वाले इस कार्यक्रम से अब तक देश-विदेश के करीब एक लाख तिरालिस हजार से भी अधिक सुधि श्रोता फेस बुक माध्यम के अलावा  यू-ट्यूब और व्हाट्सएप से जुड़ चुके हैं।

शनिवार, 3 अक्टूबर को बावरा मन के फेसबुक लाइव में सायं 7 बजे बिलासपुर के संगीत-जगत में 40 से भी अधिक वर्षों से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा दे रहे सुर-साधक मोहन क्षीरसागर और उनके संगीत प्रशिक्षक पुत्र सारंग क्षीरसागर नए-पुराने तरानों को प्रस्तुत करेंगे। अगले दिन, रविवार, 4 अक्टूबर को बॉलीवुड के हरफनमौला पार्श्व गायक किशोर कुमार के रूहानी गीतों को भोपाल के किशोर पाठक पेश करने जा रहे हैं।

बावरा मन के अध्यक्ष रामाराव और सचिव राजेश दुआ ने बताया कि संगीत-गुरू, मोहन क्षीरसागर की उम्र इस वक्त 71 बरस की है जबकि बेटे सारंग ने अपने दादा, अन्ना जी के नाम से लोकप्रिय भास्कर क्षीरसागर से संगीत की प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। मोहन क्षीरसागर ने गन्धर्व संगीत महाविद्यालय, मुम्बई से संगीत विशारद की उपाधि हासिल की है। सारंग की माता मृणाल क्षीरसागर भी संगीत और कला के क्षेत्र में गहन रूचि रखती हैं। चालीस बरस पहले शिमला में हुई अखिल भारतीय नाट्य प्रतियोगिता में “सूरजमुखी” नाटक में उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ख़िताब मिल चुका है जबकि उसी नाटक के लिए मोहन क्षीरसागर को सर्वश्रेष्ठ खलनायक का अवार्ड भी हासिल हुआ। वे पुराने हिंदी फ़िल्मी तथा मराठी गीत और भजन पेश करेंगे। सारंग, फिलहाल लोरमी के दिल्ली स्कूल ऑफ़ एजुकेशन में म्यूजिक टीचर हैं।

रविवार की शाम भोपाल में नगर पालिक निगम में कार्यरत किशोर पाठक ने भी संगीत की विधिवत शिक्षा ली है। वे किशोर आकाशवाणी भोपाल के बी श्रेणी के आर्टिस्ट भी हैं। दूरदर्शन ने भी उनके अनेक कार्यक्रम प्रसारित किये जा चुके हैं।  वर्ष 1988 में उनके क्षेत्रीय भाषा मालवा में गाये गीतों ने धूम मचा दी थी। देशभक्ति और मालवी गीतों पर उनके अनेक कैसेट भी रिलीज़ हुए। किशोर पाठक ने भोपाल में सिनेमा के कुछ बड़े कलाकारों के साथ भी स्टेज शेयर किया है जिसमें सिने अभिनेता सचिन और अक्षय कुमार प्रमुख हैं।

किशोर पाठक हाल ही में “सरगम” व अन्य सांस्कृतिक संस्थाओं के फेसबुक पेज में लाइव प्रस्तुतियां भी दे चुके हैं। साथ ही फ्रंट लाइन कोरोना वारियर की तरह कार्य कर रहे हैं।

बावरा मन ने रुचिसंपन्न श्रोताओं और दर्शकों से शनिवार को क्षीरसागर पिता-पुत्र और और रविवार को भोपाल के किशोर पाठक के इस अनूठे वर्चुअल कंसर्ट का हिस्सा बनने का आग्रह किया है .

इस लिंक के माध्यम से बावरा मन पेज में जाकर लाइव कार्यक्रम को देखा जा सकेगा-

https://www.facebook.com/BAWARAMANN2019/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here