नई दिल्ली। मोदी सरकार द्वारा लाए गए किसान बिल अब कानून का रूप ले चुका है लेकिन इसको लेकर पंजाब और हरियाणा में किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इन प्रदर्शनों को राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला हुआ है। इसी के चलते कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब में 3 से 5 अक्टूबर तक ट्रैक्टर रैलियों का नेतृत्व करेंगे। इस रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि, पंजाब के सभी मंत्री व कांग्रेस विधायक इस रैली में शामिल होंगे। इसमें पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंग। इस रैली के जरिए केंद्र सरकार तक किसानों की आवाजों को पहुंचाने का काम किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि, जिनकी आजीविका और भविष्य को केंद्रीय कानूनों ने दांव पर लगा दिया है, उनकी आवाजों को बुलंद किया जाएगा।इस रैली को लेकर और जानकारी देते हुए पंजाब में कांग्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि, राज्यभर के किसान संगठनों द्वारा समर्थित ट्रैक्टर रैलियों में 50 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की जाएगी, जिसका प्रसार तीन दिनों में विभिन्न जिलों और निर्वाचन क्षेत्रों में किया जाएगा।ये रैली तीन दिवसीय होगी और इसकी शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। कोरोना महामारी के बीच हो रही इस रैली को लेकर पार्टी की तरफ से कहा गया है कि, रैली को लेकर कोविड-19 के मानकों का खास ध्यान रखा जाएगा। रैली के अंतिम दिन 5 अक्टूबर को हरियाणा में कई कार्यक्रमों के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here