एक युवती की जान बचा ली गई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पानी में डूबने की तीन घटनाओं में रविवार को 12 लोग डूब गए। इनमें से 6 के शव मिले है, पांच लापता हैं तथा एक की जान बचा ली गई है।

जिले के भरतपुर विकासखंड के रमदहा जलप्रपात में मध्यप्रदेश के सिंगरौली से पिकनिक मनाने के लिए पहुंचे 7 लोग डूब गए। इनमें से तीन के शव मिले हैं। एक युवती को बचा लिया गया है। तीन शवों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार घटना रविवार की दोपहर करीब 12 बजे की है। बैढन के माजन मोहल्ले के 15 लोग पिकनिक मनाने के लिए दो जीपों में रमदहा वाटर फॉल पहुंचे थे। इस वाटरफॉल पर उतरकर नहीं नहाने के लिए चेतावनी का बोर्ड लगाया गया है। इसके बावजूद 7 लोग नीचे उतरकर नहाने लगे। इस बीच झरने का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा। इससे वे लोग डूबने लगे। उस वक्त मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दो लोगों को बाहर निकाल लिया लेकिन इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। तब होमगार्ड और गोताखोरों की टीम बाकी लोगों की तलाश में जुटी। कल रात तक दो और शव निकाल लिए गए, जबकि तीन सदस्य लापता हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलप्रपात काफी गहरा है। यहां कई बार यहां हादसे हो चुके हैं। 5 महीने पहले इसी वाटरफॉल पर डूबने से उमरिया मध्य प्रदेश के तीन युवकों की मौत हो गई थी। बारिश की वजह से वाटरफॉल में पानी की रफ्तार घटती बढ़ती रहती है लेकिन सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किया गया है।

इधर गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही में तीन भाई-बहनों की एक डबरी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना बहुटाडोल ग्राम की है। यहां एक डबरी में पानी भरा हुआ है, जिसमें नहाने गए चांदनी (16 साल), सुधार (11 साल) और भगवती (8) साल डूब गए। घटना की जानकारी तब हुई जब उनके पिता तुलसी सिंह और मां खेत से लौटने के बाद उनकी तलाश में लगे। गांव वालों की मदद से तीनों शव निकाले गए। मरवाही के सरकारी अस्पताल में उन्हें लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर रायपुर में दो बच्चों की खारून नदी में तलाश हो रही है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के सातपाखर इलाके में 6 बच्चे  नहाने के लिए उतरे थे। इनमें से दो श्रीश पांडे और कुणाल नागरची तेज बहाव में फंसकर बह गए। बाकी बच्चे उन्हें बहता हुआ देखकर बाहर निकल आए। गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here