अब तक 9 कोरोना पॉजिटिव महिलाओं का कराया गया सुरक्षित प्रसव

बिलासपुर । सिम्स में कोरोना पॉजिटिव दो महिलाओं ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। अब तक यहां 9 कोरोना संक्रमित महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया है।

आज शहर की मंगला चौक निवासी 28 वर्षीय पॉजिटिव महिला की डिलिवरी कराई गयी। उन्हें प्रसव पीड़ा होने पर सिम्स लाया गया। हॉस्पिटल लाते ही तुरन्त ऑपरेशन किया गया। बच्चे के गले में दो नाल फंसी हुई थी। बच्चे की स्थिति नाजुक थी। नॉर्मल डिलिवरी संभव नहीं थी।

बच्चे की स्थिति को देखते हुए सिम्स के डॉक्टरों ने ऑपेरशन कर महिला की सुरक्षित डिलिवरी आज 25 सितंबर को करवाई। इसी प्रकार तखतपुर ब्लॉक के ग्राम गनियारी में रहने वाली 26 वर्षीय  पॉजिटिव गर्भवती  महिला को प्रसव पीड़ा  के साथ गंभीर हालत में 24 सितंबर को सिम्स लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच किया तो मालूम चला कि उनकी भी नॉर्मल डिलिवरी संभव नहीं है। विपरीत परिस्थिति में भी सिम्स के डॉक्टरों ने सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिला का ऑपरेशन कर दोपहर में सुरक्षित डिलिवरी कराई। डॉक्टर तस्नीम एवं डॉक्टर बिवेडकर की टीम द्वारा यह ऑपरेशन किया गया। सिम्स की कोविड प्रभारी डॉ. आरती पांडेय ने प्रसव की सुचारू व्यवस्था करवाई।  दोनों महिला एवं बच्चे स्वस्थ हैं। बच्चे के जन्म पर परिवार के सदस्य बहुत खुश हैं और इसके लिए उन्होंने सिम्स प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here