भेंट मुलाकात के बीच भागवत कथा सुनने पहुंचे मुख्यमंत्री बघेल, मस्तूरी सीपत को मिला नगर पंचायत का दर्जा

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेलअपने प्रदेशव्यापी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत आज मस्तूरी विधानसभा के सीपत पहुंचे। व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने सीपत में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत महापुराण के प्रसंगों का श्रवण किया। भागवत महापुराण  कार्यक्रम 4 मई से 12 मई तक किया जा रहा है। इस दौरान  राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल व संसदीय सचिव रश्मि सिंह  भी मौजूद थीं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हम मंदिरों में देवी की पूजा करते हैं। वैसा ही सम्मान मातृशक्ति का घर में भी करते रहें। जो समाज महिलाओं का सम्मान करता है वो आगे बढ़ता है। जो समाज महिलाओं को उचित जगह नहीं देता, वह पिछड़ जाता है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी सशक्त भूमिका दर्ज करा रहीं हैं। नारी शक्ति को पूरा सम्मान देना है। हमारी सरकार में महिलाओं को पूरा सम्मान दिया जा रहा है। जनता में ही ईश्वर का वास है, जनता की सेवा ही हमारा धर्म है।

भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सीपत और मस्तूरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। पचपेड़ी में कॉलेज खोला जाएगा। सीपत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नत किया जाएगा। जयराम नगर में उन्होंने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल खोलने की घोषणा की। खम्हरिया में पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।

ये घोषणाएं इस प्रकार हैः-

  1. ग्राम पंचायत सीपत एवं मस्तूरी को नगर पंचायत बनाया जायेगा।
  2. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीपत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जायेगा।
  3. ग्राम पंचायत पचपेड़ी में शासकीय महाविद्यालय खोला जायेगा।
  4. खम्हरिया में पुलिस चौकी स्थापना को स्वीकृति दी जायेगी।
  5. मस्तूरी में संचालित अनुसूचित जाति कन्या प्री मेट्रिक एवं पोस्ट मेट्रिक छात्रावास में 50-50 सीटों की वृद्धि की जायेगी।
  6. ग्राम जयरामनगर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलेंगे।
  7. ग्राम पंचायत कुकदा की मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में और धनिया और ग्राम महमंद की हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन किया जायेगा।
  8. ग्राम पंचायत पेंड्री से खोरसी पहुंच मार्ग में पुल निर्माण सहित डामरीकरण करवाया जायेगा।
  9. ग्राम सीपत में समेताभाठा से देवरहा मंदिर तक, सुखरीतालाब से सेमरिया बाबा आश्रम तक W.B.M. सड़क बनायेंगे।
  10. सीपत के नवाडीह चौक से पुराना दर्राभाठा रोड का डामरीकरण करवाया जायेगा।
  11. ग्राम दर्राभाठा में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जायेगा।
  12. ग्राम जांजी में खाद्य भवन निर्माण करवाया जायेगा।
  13. ग्राम बेलटुकरी में सीसी रोड एवं मिनी स्टेडियम निर्माण करवाया जायेगा।
  14. ग्राम देवरी में नये पंचायत भवन का निर्माण करवाया जायेगा।
  15. मस्तूरी मुख्यालय में विश्रामगृह का निर्माण करवाया जायेगा।
  16. कुटेला धाम का पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here