बिलासपुर। एसईसीएल ने अपने 1778 कर्मचारियों को एक साथ पदोन्नति दी है। यह आदेश 31 अगस्त को जारी किया गया। कम्पनी के सीएमडी डा. प्रेम सागर मिश्रा ने 27 जुलाई को महाप्रबंधकों की समन्वय बैठक में इसका निर्देश जारी किया तथा 15 अगस्त के अपने भाषण में इसकी घोषणा की थी। ये सभी पदोन्नति श्रमशक्ति बजट 2022-23 के आधार पर पात्र कर्मचारियों को दिए गए हैं। यह इस दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है कि वित्तीय वर्ष के पहले छमाही में ही सभी पात्र कर्मचारियों को प्रमोशन हो गया है।

कम्पनी के बोर्ड से स्वीकृत मैनपावर बजट 2022-23 को समयबद्ध रूप से तैयार करने में औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसे प्रत्येक एरिया व यूनिट में श्रमिक संघों के साथ साझा किया गया, जिससे कोई भी योग्य व पात्र कर्मचारी छूट न सके। पदोन्नत कर्मचारियों में केन्द्रीयकृत कैडर के कर्मचारियों के लिए आदेश मुख्यालय से जारी किए गए। अन्य संवर्गों के लिए एरिया कार्मिक विभाग की टीमों ने पदोन्नति आदेश जारी किया। आंकड़ों के अनुसार एसईसीएल के हसदेव व कोरबा एरिया में सर्वाधिक 200 कर्मचारी पदोन्नत हुए। बिश्रामपुर एरिया में 183, कुसमुण्डा में 164, जमुना कोतमा में 130, सोहागपुर में 119, भटगांव में 113, चिरमिरी में 110 तथा रायगढ़ एरिया में 81 कर्मचारी पदोन्नत हुए। कोरबा कोलफील्ड्स, जहां कम्पनी की मेगा परियोजनाएं हैं, पदोन्नत कर्मचारियों की संख्या 500 से अधिक रही। एसईसीएल मुख्यालय से 27 कर्मचारी पदोन्नत हुए। पदोन्नत कर्मचारी अलग-अलग संवर्ग जैसे क्लर्क, डाटा एन्ट्री आपरेटर, ओवरसियर, असिस्टेन्ट फोरमैन, फोरमैन, फार्मासिस्ट, इंजीनियरिंग असिस्टेंट, मेट्रन, रेडियोग्राफर, टेक्निकल इंस्पेक्टर, आदि से संबंधित हैं। कम्पनी के जोहिला क्षेत्र में कर्मचारियों का परिवार तब आनंद विभोर हो उठा जब अधिकारी स्वयं मिठाई के पैकेट और प्रमोशन आर्डर लेकर संबंधित कर्मचारी के घर पहुंचे। सेन्ट्रल वर्कशाप गेवरा में पदोन्नत कर्मचारियों में महिला कामगारों की संख्या सर्वाधिक है।

पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए सीएमडी डा. मिश्रा ने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम दर्शाता है कि उत्पादन-उत्पादकता, उत्प्रेषण, डिस्पैच के साथ-साथ प्रबंधन कर्मचारियों के कल्याण के प्रति भी सजग और सचेष्ट है। वित्तीय वर्ष में 182 मिलियन टन के लक्ष्य की ओर अग्रसर एसईसीएल के कर्मी प्रबंधन के इस निर्णय से प्रसन्न हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here