वंदेभारत को हरी झंडी दिखाकर कल रवाना करेंगे मोदी, टाइम टेबल घोषित, बुकिंग शुरू

बिलासपुर। मध्य भारत की पहली एवं देश की छठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस का बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर के बीच परिचालन 11 दिसंबर से शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर से इस ट्रेन को दोपहर 02.05 बजे हरी झंडी दिखाकर बिलासपुर के लिए रवाना करेंगे।

यह ट्रेन 20825 और 20826 नंबर के साथ चलेगी, जिसके लिए आज शाम से ऑनलाइन और स्टेशन पर बुकिंग शुरू भी हो गई। ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। इसमें 16 कोच हैं, जिनमें 14 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव कार शामिल है। कुल 1128 यात्री इसमें सफर कर सकेंगे। शाम को बिलासपुर स्टेशन पहुंचने पर गाड़ी के प्रथम यात्रियों और स्टाफ का रेलवे ने रंगारंग स्वागत करने का कार्यक्रम रखा है। इस अवसर पर रेलवे परिवार के सदस्य कथक, कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, बीहू नृत्य सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। आगुंतकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों से इस ट्रेन में सफर के बारे में फीडबैक भी लिया जाएगा। बिलासपुर स्टेशन में इस मौकेपर सांसद अरुण साव, विधायक शैलेष पांडेय, विधायक रश्मि आशीष सिंह, महापौर रामशरण यादव, मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पांडेय सहित अनेक अतिथि व नागरिक मौजूद रहेंगे।

ट्रेन का नियमित परिचालन 12 दिसंबर से किया जाएगा। सुबह 6.45 बजे बिलासपुर से रवाना होकर 8.01 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से 8.03 बजे रवाना होकर 8.48 बजे यह दुर्ग पहुंचेगी। दुर्ग से 8.50 बजे रवाना होकर सुबह 9.07 बजे राजनांदगांव पहुंचेगी। यहां से सुबह 9.08 बजे रवाना होकर 10.28 बजे गोंदिया पहुंचेगी। यहां से 10.30 बजे रवाना होकर दोपहर 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसी तरह नागपुर से यह ट्रेन 14.05 बजे रवाना होकर दोपहर 15.36 बजे गोंदिया पहुंचेगी। यहां से 15.38 बजे रवाना होकर 16.44 बजे राजनांदगांव पहुंचेगी। 16.45 बजे राजनांदगांव से रवाना होकर 17.15 बजे ट्रेन दुर्ग पहुंचेगी। दुर्ग से 17.17 बजे रवाना होकर 17.50 बजे रायपुर आएगी। रायपुर से 17.52 को रवाना होकर ट्रेन 19.35 को बिलासपुर पहुंचेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here