बिलासपुर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का दिल्ली में जंतर-मंतर पर दूसरे दिन का धरना जारी रहा। धरने को समर्थन देने राज्यसभा के सांसद छाया वर्मा एवं फूलो देवी नेताम भी वहां पहुंचे और बिलासपुर में पूर्ण विकसित हवाई अड्डे की मांग को सही बताया।

सांसद वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा शहर बिलासपुर है।  यहां संभाग से बहुत से यात्री दूसरे महानगरों के लिए सफर करते हैं। फ्लाइट नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन दूसरे एयरपोर्ट जाकर उड़ान लेनी पड़ती है जिसके कारण उनको काफी तकलीफों का सामना करना पड़ता है और खर्च भी दोगुना होता है। फूलों देवी नेताम ने कहा कि बिलासपुर से दिल्ली चलने वाली फ्लाइट को जबलपुर इलाहाबाद रोक कर चलाया जा रहा है जबकि एक नई फ्लाइट दिल्ली से बिलासपुर सीधे चले तो उसे जगदलपुर तक बढ़ाया जा सकता है इससे पूरे छत्तीसगढ़ को लाभ होगा। उन्होंने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मांग की है कि बिलासपुर में जल्द से जल्द नाइट लैंडिंग सुविधा चालू की जाए।

आज के धरने में प्रतिनिधि मंडल के लोगों के अलावा अन्य कई नागरिक सम्मिलित हुए। इनमें रायपुर के नितिन सिन्हा और अकलतरा के सिसोदिया शामिल थे। वहीं एसईसीएल बिलासपुर के पूर्व अधिकारी आरके प्रसाद भी धरना स्थल ढूंढते हुए पहुंचे और समर्थन दिया।

3 बजे धरना समाप्त होने के बाद बिलासपुर के सांसद अरुण साव और छत्तीसगढ़ से एकमात्र केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह से भी प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। रेणुका सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को उनकी समस्त मांगों के लिए आश्वस्त किया और कहा कि केंद्र सरकार के दोनों विभाग और उनके मंत्री बिलासपुर की मांगों पर सार्थक निर्णय लें, इसके लिए वह भी अपनी तरफ से आवश्यक पहल करेंगी।

आज के धरने में हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के सुदीप श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह, समीर अहमद ,मनोज श्रीवास, केशव गोरख, विजय वर्मा, सीमा पांडे, दीपक कश्यप, चित्रकांत श्रीवास और अशोक भंडारी, अनिमेष गवाही, सुनील पटेल, अनिल जांगड़े, नरेश यादव, रंजीत खनूजा आदि शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here