बिलासपुर, 6 जुलाई। विधायक शैलेष पांडेय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सदस्य रामाधार कश्यप के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अनेक कांग्रेस नेताओं ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।
विधायक पांडे ने कहा कि स्व. कश्यप जमीन से जुड़े उन नेताओं में थे जिन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के लिये कई दशक तक सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों की आकांक्षा पूरी करने में महती भूमिका निभाई। वे अत्यन्त विनम्र स्वभाव के थे और मिलनसार थे। उनसे हमें सदा प्रेरणा मिलती रहेगी। महापौर रामशरण यादव ने कहा कि मैं उनके घर के सामने ही वर्षों तक रहता था। वे मेरे अभिभावक की तरह थे। हर सुख-दुख की बात उनसे हम करते थे। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि उनसे मेरा राजनीतिक ही नहीं पारिवारिक सम्बन्ध रहा। उनके बेटे का मित्र होने के कारण न केवल उनकी इज्जत करते थे, बल्कि डरते भी थे। जिस छत्तीसगढ़ राज्य का सपना उन्होंने देखा था आज भूपेश बघेल सरकार उसे पूरा कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, राकेश शर्मा, अनिल टाह, अर्जुन तिवारी, प्रमोद नायक, विजय केशरवानी, कृष्ण कुमार यादव राजू, भुनेश्वर यादव, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, दिलीप लहरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता आज उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री बघेल की ओर से पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की ओर से अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने पुष्पचक्र अर्पित किया। आज दोपहर उनकी पं. देवकीनंदन दीक्षित श्मशान गृह में उनकी अंत्येष्टि हुई, जिसमें बड़ी संख्या में शहर के लोग व कांग्रेसजन शामिल हुए। बिलासपुर में कांग्रेस द्वारा आज महंगाई के विरोध में ताली-थाली बजाने का आंदोलन रखा गया था, जिसे स्थगित कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here