बिलासपुर। कांग्रेस नेता स्व. रामाधार कश्यप की अंतिम समय तक सक्रियता बनी रही। रात करीब 9 बजे उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर 19 जुलाई को प्रस्तावित स्व. खूबचंद बघेल की जयंती पर 10 मिनट तक चर्चा की। यह जानकारी पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष व कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने दी जो आज मुख्यमंत्री बघेल की ओर से उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिये बिलासपुर पहुंचे थे। सुबह जब त्रिवेदी ने निधन की जानकारी दी तो मुख्यमंत्री ने खुद यह बात उन्हें बताई। स्व. कश्यप खूबचंद बघेल के सहयोगी रहे हैं। त्रिवेदी ने बताया कि रामाधार कश्यप के साथ उनका भावनात्मक संबंध था, क्योंकि वे परसराम यदु से जुड़े थे, जिनसे हमारा जुड़ाव रहा।

अंत्येष्टि में पहुंचे चंद्रभान सिंह मौर्य ने भी बताया कि स्व. कश्यप ने बघेल जयंती की तैयारी पर रात में उनसे भी बात की थी।   ज्ञात हो कि कांग्रेस नेता रामाधार कश्यप का आज तड़के तीन बजे 84 वर्ष की आयु में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे राज्यसभा के सदस्य रहे और अकलतरा से विधायक भी रहे थे। उनके निधन से शहर में शोक का वातावरण है।

कश्यप उन नेताओं में शामिल रहे जिन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के लिये आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने संयुक्त मध्यप्रदेश के समय छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिये विधानसभा में पर्चा फेंका था। वे मंडी अध्यक्ष भी रहे हैं। भातृसंघ के वे संस्थापक सदस्य रहे।  उनकी अंतिम यात्रा बृहस्पति बाजार स्थित निवास से सरकंडा स्थित देवकीनंदन दीक्षित श्मशान गृह के लिये सुबह 11.30 बजे निकली।

कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, आंदोलन स्थगित  

विधायक शैलेष पांडेय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सदस्य रामाधार कश्यप के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पांडे ने कहा कि स्व. कश्यप जमीन से जुड़े उन नेताओं में थे जिन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के लिये कई दशक तक सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों की आकांक्षा पूरी करने में महती भूमिका निभाई। वे अत्यन्त विनम्र स्वभाव के थे और मिलनसार थे। उनसे हमें सदा प्रेरणा मिलती रहेगी।

महापौर रामशरण यादव ने कहा कि मैं उनके घर के सामने ही वर्षों तक रहा। वे मेरे अभिभावक की तरह थे। हर सुख-दुख की बात उनसे हम करते थे। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि उनसे मेरा राजनीतिक ही नहीं पारिवारिक सम्बन्ध रहा। उनके बेटे का मित्र होने के कारण न केवल उनकी इज्जत करते थे, बल्कि डरते भी थे। जिस छत्तीसगढ़ राज्य का सपना उन्होंने देखा था आज भूपेश बघेल सरकार उसे पूरा कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, राकेश शर्मा, अनिल टाह, अर्जुन तिवारी, प्रमोद नायक, विजय केशरवानी, कृष्ण कुमार यादव राजू, भुनेश्वर यादव, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, दिलीप लहरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता आज उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री बघेल की ओर से पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की ओर से अपेक्स बैंक अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने पुष्पचक्र अर्पित किया। आज दोपहर उनकी पं. देवकीनंदन दीक्षित श्मशान गृह में उनकी अंत्येष्टि हुई, जिसमें बड़ी संख्या में शहर के लोग व कांग्रेसजन शामिल हुए। बिलासपुर में कांग्रेस द्वारा आज महंगाई के विरोध में ताली-थाली बजाने का आंदोलन रखा गया था, जिसे स्थगित कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here